Uttar Pradesh

CM योगी ने भारत टैक्सी के सारथियों को सौंपे शेयर प्रमाणपत्र, किसानों को मिला ऋण का लाभ

UP Government Scheme : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को भारत टैक्सी के पांच सारथियों को मंच पर शेयर प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया. इसके साथ ही मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत चयनित किसानों को ऋण के चेक भी वितरित किए गए.

कार्यक्रम में भारत टैक्सी के सारथियों सुमनदीप कौर, अमित कुमार अग्रवाल, अमरीश सोनकर, शशांक पांडेय और पंकज कुमार वर्मा को मुख्यमंत्री ने शेयर प्रमाणपत्र प्रदान किए.

लाभार्थियों को मिला ऋण

वहीं मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत अनिल कुमार सिंह को छह लाख रुपये, अंकुश कुमार को पांच लाख रुपये, अवधेश कुमार को चार लाख 50 हजार रुपये, बाबूलाल राजपूत को तीन लाख रुपये और संजय को दो लाख रुपये का ऋण दिया गया.

इस अवसर पर सहकारिता विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जेपीएस राठौर ने मुख्यमंत्री को उत्तर प्रदेश राज्य भंडारण निगम के लाभांश के रूप में दो करोड़ 69 लाख रुपये का चेक भी सौंपा.

भारत टैक्सी से तीन एमओयू

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में भारत टैक्सी और तीन प्रमुख संस्थाओं के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) का आदान-प्रदान हुआ. भारत टैक्सी के सीईओ हिमांशु ने अडानी एयरपोर्ट लखनऊ के चीफ कमर्शियल ऑफिसर शिव मोहन सिंह, उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (UPMRC) के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार और यातायात एवं सड़क सुरक्षा, लखनऊ के डीआईजी अरविंद कुमार मौर्य के साथ एमओयू किया.

भारत टैक्सी से युवाओं को रोजगार अवसर

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि सहकारिता विभाग गरीब, किसान और मध्यम वर्ग से जुड़े लोगों के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सहकारिता विभाग को नई दिशा मिली है और सहकारी बैंक अब लाभ की स्थिति में हैं,उन्होंने कहा कि भारत टैक्सी के माध्यम से लोगों को अपनी गाड़ी, अपना ड्राइवर और अपनी कमाई का अवसर मिलेगा. इससे स्थानीय स्तर पर पैसा अर्थव्यवस्था में ही बना रहेगा. ब्रजेश पाठक ने प्रदेशवासियों से भारत टैक्सी को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की.

सहकारिता क्षेत्र में बड़ा काम

केंद्रीय सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने कहा कि लखनऊ के साथ गोरखपुर, वाराणसी, कानपुर और प्रयागराज में भी भारत टैक्सी सेवा शुरू हो रही है, उन्होंने बताया कि पिछले छह महीनों में भारत टैक्सी के माध्यम से 100 करोड़ रुपये से अधिक राशि ड्राइवरों के खातों तक पहुंच चुकी है. वर्तमान में यह सेवा देश के करीब 15 शहरों में संचालित हो रही है.

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भारत टैक्सी से जुड़ने के लिए करीब 40 हजार ड्राइवरों ने पंजीकरण कराया है. प्रदेश में सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने के लिए पैक्स के कंप्यूटरीकरण और ग्रामीण बैंकों के डिजिटलीकरण का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है.मुरलीधर मोहोल ने कहा कि भारत टैक्सी सहकारिता आंदोलन को मोबिलिटी क्षेत्र में नई दिशा देने वाली पहल है.

ये भी पढ़ें – योगी सरकार का जॉब कैलेंडर ऑन, 4 दिन में 5,297 नियुक्तियां, अगले छह महीने में 1 लाख नौकरी देने का लक्ष्य

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button