Amritsar News : पंजाब में नशा तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. काउंटर इंटेलिजेंस (CI) अमृतसर ने 20 किलो हेरोइन के साथ चार लोगों को गिरफ्तार कर एक सीमा पार नशा तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है. पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों पर चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत की गई है.
पुलिस के अनुसार, CI अमृतसर ने पिछले एक हफ्ते के भीतर नशा तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई करते हुए कुल 74 किलो हेरोइन बरामद की है. इससे पहले 27 किलो, 10 किलो और 17 किलो हेरोइन की खेप पकड़ी जा चुकी है.
ताजा कार्रवाई में गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अमृतसर निवासी रोहन, दीपक बख्शी, ऋषभ कुमार और ईशान बेदी के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हेरोइन के अलावा सप्लाई में इस्तेमाल किए जा रहे दो मोटरसाइकिल भी जब्त किए हैं.
Dubai से चलाया जा रहा था नेटवर्क
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह मॉड्यूल दुबई आधारित एक नशा तस्कर द्वारा चलाया जा रहा था. इसमें पंजाब के स्थानीय नेटवर्क और विदेशी तस्करों के बीच तालमेल की बात सामने आई है.
पुलिस के मुताबिक, सीमा पार से ड्रोन के जरिए भेजी गई हेरोइन की खेप तरनतारन जिले के राजाताल गांव के सीमावर्ती इलाके से प्राप्त की गई थी. इसके बाद इसे आगे सप्लाई करने की तैयारी थी.
दाना मंडी इलाके में हुई कार्रवाई
CI अमृतसर को सूचना मिली थी कि आरोपी हेरोइन की खेप लेकर अमृतसर की दाना मंडी और सतलानी साहिब गुरुद्वारे के आसपास के इलाके में पहुंचने वाले हैं. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को 20 किलो हेरोइन के साथ गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है. अधिकारियों के मुताबिक, मामले में आगे-पीछे के संबंधों और तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है. इस मामले में थाना स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल, अमृतसर में 23 सितंबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21, 25 और 29 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है.
एक हफ्ते में हुई बड़ी बरामदगी
16 सितंबर 2026: 27 किलो हेरोइन और विदेशी पिस्तौल समेत 4 आरोपी गिरफ्तार
18 सितंबर 2026: 10 किलो हेरोइन के साथ 1 आरोपी गिरफ्तार
19 सितंबर 2026: 17 किलो हेरोइन के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार
23 सितंबर 2026: 20 किलो हेरोइन के साथ 4 आरोपी गिरफ्तार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









