Delhi Weather : दिल्ली-NCR में मंगलवार (22 सितंबर) को मौसम पूरी तरह शुष्क रहने का अनुमान है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, राजधानी में आज आसमान साफ रहेगा और दिन के समय तेज धूप निकल सकती है. वहीं, पूर्वी और दक्षिणी भारत के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है.
IMD के अनुसार, सोमवार (21 सितंबर) को दिल्ली में अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. यह सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक रहा. वहीं, न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.1 डिग्री ज्यादा था.
मौसम विभाग का अनुमान है कि इस पूरे सप्ताह दिल्ली में बारिश की संभावना नहीं है. इस दौरान अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस तक रहने की उम्मीद है.
सितंबर के आखिरी हफ्ते में बढ़ेगी ठंडक
मौसम विभाग के मुताबिक, रात के तापमान में अब धीरे-धीरे गिरावट शुरू हो रही है. उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण रातें पहले के मुकाबले ज्यादा आरामदायक महसूस होंगी. सितंबर के आखिरी सप्ताह तक न्यूनतम तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. इसके बाद अक्टूबर में तापमान में और गिरावट आने की संभावना है, जिससे रात के समय हल्की ठंडक महसूस होने लगेगी.
दिल्ली की हवा मॉडरेट श्रेणी में दर्ज
दिल्ली की हवा की गुणवत्ता फिलहाल मध्यम श्रेणी में बनी हुई है. सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (CPCB) के अनुसार, सोमवार शाम 4 बजे राजधानी का 24 घंटे का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 169 दर्ज किया गया, जो मॉडरेट श्रेणी में आता है.
पिछले 24 घंटों में दिल्ली में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं देखा गया. इस दौरान न्यूनतम तापमान 21 से 25 डिग्री और अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. शहर में 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पूर्वी हवाएं चलीं. वहीं, अधिकतम नमी 88 प्रतिशत और न्यूनतम नमी 44 प्रतिशत दर्ज की गई.
ये भी पढ़ें – पंजाब सरकार की पहल से 48 बच्चों ने पूरा किया 48 बच्चों ने पूरा किया कौशल प्रशिक्षण, आत्मनिर्भरता की ओर बढ़े कदम
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









