Uttar Pradesh

यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस बनी आग का गोला, भीषण हादसे में 9 यात्रियों की मौत

Bus Fire Accident : उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. जेवर थाना क्षेत्र में दयानतपुर गांव के पास एक चलती स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे के वक्त बस में करीब 40 से 50 यात्री सवार थे.

इस अग्निकांड में 9 यात्रियों की मौत हो गई है. नोएडा पुलिस ने हादसे में हुई मौतों की पुष्टि की है. वहीं कई यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

ग्रेटर नोएडा से आगरा जा रही थी बस

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा यमुना एक्सप्रेसवे पर जेवर क्षेत्र में हुआ. बस ग्रेटर नोएडा से आगरा की ओर जा रही थी. इसी दौरान अचानक बस में आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई.

चालक ने बस को एक्सप्रेसवे के किनारे रोक दिया, जिसके बाद कई यात्रियों ने खिड़कियों और अन्य रास्तों से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई. कुछ यात्रियों ने आग से बचने के लिए बस से छलांग भी लगा दी.

कई यात्री बस के अंदर फंस गए

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस में आग लगने के बाद धुआं और तेज लपटें उठने लगीं. कुछ ही मिनटों में पूरी बस आग के गोले में बदल गई. कई यात्री समय पर बाहर नहीं निकल सके और बस के अंदर फंस गए.

बताया जा रहा है कि मृतकों में बुजुर्ग महिला और दिव्यांग बच्चा भी शामिल हैं. घायलों को कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बस का नंबर BR 32 PA 8647 बताया जा रहा है. यह बस राज कल्पना ट्रैवल्स की बताई जा रही है और दिल्ली से महोबा जा रही थी.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिया संज्ञान

वहीं, ग्रेटर नोएडा हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है. मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए. सीएम योगी ने अधिकारियों से हादसे की जानकारी ली और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की.

आग लगने के कारणों की जांच जारी

हादसे के बाद यमुना एक्सप्रेसवे पर जेवर टोल और फलैदा कट के पास कुछ समय के लिए यातायात रोक दिया गया था. आग बुझने के बाद ट्रैफिक दोबारा शुरू किया गया.आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है. मौके पर पहुंची पुलिस और एक्सप्रेसवे की सुरक्षा टीम ने चार से पांच दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया. हादसे की जांच जारी है.

ये भी पढ़ें- पीएम मोदी और अमित शाह वोटों की चोरी कर जीत रहे चुनाव, ज्ञानेश कुमार को गिरफ्तार कर चलाया जाए देशद्रोह का मुकदमा- केजरीवाल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button