Uttar Pradesh

CM योगी ने लॉन्च की भारत टैक्सी और कृषक समृद्धि योजना, ड्राइवरों को जीरो कमीशन और 5 लाख किसानों को 6% ब्याज पर ऋण

UP News : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को भारत टैक्सी और मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ कर टैक्सी चालकों और किसानों के लिए दो बड़े कदम उठाए. भारत टैक्सी के जरिए टैक्सी, टू व्हीलर और थ्री व्हीलर चालक रजिस्ट्रेशन कराकर जीरो कमीशन पर जुड़ सकेंगे. इसके साथ उन्हें पांच लाख रुपये की सामाजिक सुरक्षा भी मिलेगी.

वहीं मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम्य विकास बैंक (LDB) से किसानों को मिलने वाले ऋण की ब्याज दर 11 प्रतिशत से घटाकर 6 प्रतिशत कर दी गई है.

भारत टैक्सी से चालक जुड़ेंगे

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सहकारिता की सफलता नेतृत्व पर निर्भर करती है. अच्छा नेतृत्व सहकारिता को समृद्धि का माध्यम बनाता है, जबकि गलत नेतृत्व इसे कमजोर कर सकता है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले टैक्सी, टू व्हीलर और थ्री व्हीलर चालकों के बारे में पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जाता था. अब भारत टैक्सी के माध्यम से चालक एक संगठित व्यवस्था से जुड़ सकेंगे और सामाजिक सुरक्षा का लाभ पा सकेंगे.

उन्होंने कहा कि भारत टैक्सी सिर्फ यात्रियों को पहुंचाने वाली सेवा नहीं है, बल्कि यह भारत की गति को प्रगति में बदलने का माध्यम बनेगी. लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज में इसका संचालन शुरू किया गया है.भारत टैक्सी के लिए लखनऊ एयरपोर्ट, लखनऊ मेट्रो और लखनऊ पुलिस समेत कई संस्थाओं के साथ एमओयू भी किए गए हैं.

महाकुंभ में रैपिडो मॉडल का किया जिक्र

मुख्यमंत्री योगी ने प्रयागराज महाकुंभ 2025 का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां बड़ी संख्या में युवाओं ने रैपिडो के माध्यम से श्रद्धालुओं को संगम तक पहुंचाने में योगदान दिया. उन्होंने कहा कि इस तरह के मॉडल से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं. मुख्यमंत्री ने परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से ग्रामीण बस सेवा को भी भारत टैक्सी की तर्ज पर आगे बढ़ाने को कहा.

5 लाख किसानों को 6% ब्याज पर ऋण

मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत किसानों को अब कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराया जाएगा. मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम्य विकास बैंक से किसानों को 11 प्रतिशत ब्याज पर ऋण मिलता था, जिसे अब घटाकर 6 प्रतिशत कर दिया गया है.

इस योजना के तहत आने वाले वर्षों में पांच लाख लघु और सीमांत किसानों को लाभ देने का लक्ष्य रखा गया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्नदाता किसान खुशहाल होगा तो देश भी समृद्ध होगा.

86 लाख किसानों का ऋण माफ

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद 86 लाख लघु और सीमांत किसानों के 36 हजार करोड़ रुपये से अधिक के ऋण माफ किए गए, उन्होंने बताया कि प्रदेश में पिछले करीब साढ़े नौ वर्षों में 24 लाख हेक्टेयर भूमि को अतिरिक्त सिंचाई सुविधा से जोड़ा गया है. वहीं 16 लाख से अधिक निजी ट्यूबवेल वाले किसानों को मुफ्त बिजली दी जा रही है.

किसानों को 3.30 लाख करोड़ गन्ना भुगतान

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में वर्तमान में 122 चीनी मिलें संचालित हैं. पिछले नौ वर्षों में किसानों को 3.30 लाख करोड़ रुपये का गन्ना मूल्य भुगतान किया गया है.

उन्होंने कहा कि किसानों को बीज से बाजार तक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पैक हाउस, फूड प्रोसेसिंग यूनिट और एफपीओ के गठन पर काम किया गया है. सहकारिता के माध्यम से 50 हजार मीट्रिक टन क्षमता वाले वेयरहाउस भी तैयार किए जा रहे हैं.

15 सहकारी बैंक मुनाफे में

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश के 16 सहकारी बैंक निष्क्रिय हो गए थे. अब इनमें से 15 बैंक फिर से मुनाफे में आ चुके हैं, उन्होंने कहा कि पैक्स को मिलने वाली ब्याज मुक्त कैश क्रेडिट सुविधा को 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 15 लाख रुपये कर दिया गया है. सहकारिता क्षेत्र से 54 लाख नए सदस्य जुड़े हैं और डिजिटल व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है.

भारत टैक्सी को दिखाई हरी झंडी

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के ई-पोर्टल, सहकारिता विभाग के उर्वरक सेतु मोबाइल एप और उत्तर प्रदेश कोऑपरेटिव डेटाबेस सेंटर के मोबाइल एप यूपीसीडीसी का शुभारंभ किया.

मुख्यमंत्री ने भारत टैक्सी के पांच सारथियों को शेयर प्रमाण पत्र और कृषक समृद्धि योजना के पांच लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र सौंपे. इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल समेत अन्य अतिथियों ने भारत टैक्सी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जेपीएस राठौर, परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे.

ये भी पढ़ें – योगी सरकार का जॉब कैलेंडर ऑन, 4 दिन में 5,297 नियुक्तियां, अगले छह महीने में 1 लाख नौकरी देने का लक्ष्य

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button