UP News : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन के दौरान सीतापुर की एक महिला को निराश्रित गाय उपलब्ध कराने और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए. वहीं, एक दिव्यांग व्यक्ति की जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने जांच कराकर मामले का निराकरण करने को कहा.
सीतापुर के गुरुदेव नगर, हरगांव निवासी पूनम देवी ने जनता दर्शन में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर गोपालन के जरिए आत्मनिर्भर बनने की इच्छा जताई, उन्होंने मुख्यमंत्री को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके पास अभी पांच गाय हैं और अन्य गोवंश को रखने के लिए पर्याप्त जगह भी है.
पूनम देवी ने कहा कि उन्हें और गाय उपलब्ध कराई जाएं, ताकि वह दूध आदि की बिक्री कर परिवार को आर्थिक रूप से मजबूत कर सकें.
मुख्यमंत्री ने उनकी मांग पर तत्काल अपर मुख्य सचिव (पशुधन) को निर्देश दिया कि पूनम देवी को निराश्रित गाय उपलब्ध कराई जाए और नियमानुसार योजनाओं का लाभ भी दिलाया जाए. साथ ही मुख्यमंत्री सहभागिता योजना के तहत गोवंश की देखभाल के लिए आर्थिक सहायता दिलाने के निर्देश दिए.
मन से गोसेवा करो, बाधाएं और कष्ट दूर होंगे
मुख्यमंत्री ने पूनम देवी का प्रार्थना पत्र पढ़ने के बाद उनका हौसला बढ़ाया, उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से उन्हें नियमानुसार योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा. मुख्यमंत्री ने पूनम से गोसेवा करने को कहा और कहा कि मन से गोसेवा करने से सारी बाधाएं और कष्ट दूर होंगे. पूनम देवी ने श्रावण मास में अपनी इच्छा पूरी करने के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया.
दिव्यांग ने की जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत
जनता दर्शन में पहुंचे एक दिव्यांग व्यक्ति ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनकी जमीन पर किसी ने अवैध कब्जा कर लिया है. मुख्यमंत्री ने मामले की जांच कराकर पीड़ित को यथासंभव मदद देने और शिकायत का निराकरण करने का निर्देश दिया.
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के अन्य जिलों से आए लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए.
ये भी पढ़ें – 41वें राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े का शुभारंभ, डॉ. बलबीर सिंह ने लोगों से नेत्रदान के लिए आगे आने की अपील
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









