Delhi Heatwave : दिल्ली-NCR में अप्रैल की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। तेज धूप और बढ़ते तापमान के कारण दिन के समय लू जैसे हालात महसूस होने लगे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में पारा और चढ़ सकता है, जिससे गर्मी और अधिक परेशान करेगी।
तापमान 41 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान
आज राजधानी में आसमान साफ रहने की संभावना है और पूरे दिन कड़ी धूप रहेगी। अनुमान है कि अधिकतम तापमान करीब 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। एनसीआर के शहरों में भी गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है। फरीदाबाद में तापमान 40 से 41 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि ग्रेटर नोएडा में न्यूनतम तापमान करीब 19 डिग्री दर्ज किया जा सकता है।
गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम
मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम में मौसम की स्थिति लगभग समान बनी रहेगी। फिलहाल कहीं भी बारिश या बादल छाने के आसार नहीं हैं, जिससे गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है।
दिखाई दे सकते हैं हल्के बादल
आने वाले पांच दिनों तक मौसम में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं। बीच-बीच में हल्के बादल दिखाई दे सकते हैं, लेकिन इससे तापमान में खास कमी नहीं आएगी। 16 अप्रैल को अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री तक जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 21 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
दो दिन मौसम साफ रहने की संभावना
17 और 18 अप्रैल को गर्मी और बढ़ सकती है, इन दिनों अधिकतम तापमान 41 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। रात का तापमान भी बढ़कर 22 से 23 डिग्री के बीच रह सकता है। 19 और 20 अप्रैल को मौसम साफ रहने की संभावना है और गर्मी का असर बरकरार रहेगा। कुल मिलाकर, दिल्ली-NCR में फिलहाल गर्मी से राहत के कोई संकेत नहीं हैं और लोगों को तेज धूप व बढ़ते तापमान के लिए तैयार रहना होगा।
ये भी पढ़ें- AAP सांसद अशोक मित्तल पर ED का बड़ा एक्शन, घर-दफ्तर पर छापेमारी, केजरीवाल बोले- इसका जवाब देंगे
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









