इंदौर में कांग्रेस ने लगाए अनूठे पोस्टर, रीगल पर प्रदर्शन

राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता समाप्त के विरोध में कांग्रेस लगातार इंदौर में अलग अलग तरीकों से प्रदर्शन कर रही है। इसी कड़ी में सोमवार को कांग्रेस के कुछ नेताओं ने जहां कई जगह इसके विरोध में पोस्टर लगाए है वहीं कांग्रेस रीगल तिराहे पर प्रदर्शन भी किया। कांग्रेस के संकल्प सत्याग्रह प्रदर्शन में महिला कांग्रेस नेत्रियां मुंह पर ताला लगा कर बैठी हैं और हाथों में पोस्टर लेकर विरोध जता रही हैं।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पार्षद राजू भदौरिया ने कहा कि भाजपा हिंदू-मुसलमान की राजनीति कर रही है। विकास की बात नहीं कर रही। भदौरिया ने कहा कि मोदी सरकार कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मजबूर कर ही है। हमारे नेता को असंवैधानिक तरीके से संसद से बाहर किया गया है। एक बार हाईकमान का आदेश आने दो, फिर देखो कांग्रेस कार्यकर्ता इंदौर की फ़िजा बदल देंगे।
सोमवार सुबह शहर कांग्रेस के कुछ नेताओं ने पोस्टर लगा कर अपना विरोध जताया। शहर कांग्रेस प्रवक्ता विवेक खंडेलवाल,सूचना अधिकार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष गिरीश जोशी ने बताया राहुल गांधी को सूरत कोर्ट से 2 साल की सजा सुनाई, 1 माह का समय भी दिया। मगर भाजपा ने ऊपरी अदालत में अपील करने के लिए दिए गए 1 महीने के समय को भी दर किनार करते अडानी मुद्दे को उठाने पर प्रधानमंत्री जी की नाराजी के चलते उनकी लोकसभा की सदस्यता रद्द कर दी गई।