Delhi Weather : दिल्ली-NCR में गुरुवार दोपहर अचानक मौसम बदला और कई इलाकों में तेज बारिश हुई. बारिश से उमस भरी गर्मी से कुछ समय के लिए राहत मिली, लेकिन कई जगह जलभराव के कारण ट्रैफिक की रफ्तार प्रभावित हुई. मौसम विभाग ने 19 अगस्त तक दिल्ली और आसपास के शहरों में रुक-रुककर बारिश का अनुमान जताया है.
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, गुरुवार सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच नजफगढ़ में 34.5 मिमी बारिश दर्ज की गई. रिज में 26.2 मिमी, सफदरजंग में 20.2 मिमी और पालम में 12.6 मिमी बारिश हुई. गुरुवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक था. अधिकतम तापमान करीब 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
शुक्रवार को भी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को दिल्ली में आसमान आमतौर पर बादलों से घिरा रहेगा. सुबह से दोपहर के बीच हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. शाम और रात के दौरान भी कई इलाकों में बहुत हल्की से हल्की बारिश होने का अनुमान है. न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री और अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.
उमस से पूरी तरह राहत नहीं
बारिश के बावजूद दिल्ली में उमस बनी रही. पिछले 24 घंटों में नमी का अधिकतम स्तर 95 प्रतिशत और न्यूनतम 62 प्रतिशत दर्ज किया गया. इस दौरान कई जगह हल्की और कुछ इलाकों में मध्यम बारिश हुई. न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई, जबकि अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं आया.
अगले सात दिनों में अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. इस दौरान दिल्ली में उत्तर-पश्चिम दिशा से 10-15 किमी/घंटा की हवाएं चल सकती हैं.
ये भी पढ़ें- E20 पेट्रोल, फ्लेक्स फ्यूल या EV कार? नई गाड़ी खरीदने से पहले जानें किसमें है ज्यादा फायदा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









