Road Accident : मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में गुरुवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ. पिकअप की टक्कर से बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे मौके पर ही 10 लोगों की मौत हो गई. इसकी पुष्टि कलेक्टर हरेंद्र नारायण ने की. हादसे में कई यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें कुछ के हाथ कटने और कुछ के सिर फटने की जानकारी मिली है. हादसे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुख व्यक्त करते हुए पीड़ितों के लिए सहायता राशि की घोषणा की है.
पुलिस के अनुसार, हादसा गुरुवार शाम करीब साढ़े 6 बजे उमरानाला क्षेत्र में हुआ. 40 से अधिक यात्रियों को लेकर बस छिंदवाड़ा से उमरानाला की ओर जा रही थी. अधिकांश यात्री चौरई तहसील में आयोजित हितग्राही सम्मेलन से लौट रहे थे, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल हुए थे.
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
हादसे के तुरंत बाद पुलिस और डॉक्टरों की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया. घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया. घायलों को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया और छह एम्बुलेंस से उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया.
कलेक्टर का बयान
वहीं, कलेक्टर हरेंद्र नारायण ने बताया कि बस में हादसे के समय 47 यात्री सवार थे. छिंदवाड़ा की तरफ से आ रही बस का सिमरिया के पास एक वाहन को ओवरटेक करते समय सामने से आ रही पिकअप से टक्कर हो गई. हादसे में 5 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं.
सहायता राशि की घोषणा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य होने की कामना की, उन्होंने कहा कि जबलपुर और नागपुर से डॉक्टरों की टीम छिंदवाड़ा भेजी जा रही है. छिंदवाड़ा के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह को कार्यक्रम में बदलाव कर छिंदवाड़ा पहुंचने का निर्देश दिया गया है.
सीएम ने मृतक परिवार को 4-4 लाख और गंभीर रूप से घायलों को 1-1 लाख रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की. सभी घायलों का नि:शुल्क इलाज सुनिश्चित करने के लिए भोपाल में स्वास्थ्य विभाग में कंट्रोल रूम बनाया गया है.
ये भी पढ़ें- LPG Crisis Charge : होटल और रेस्टोरेंट अब ग्राहकों से नहीं ले सकेंगे LPG चार्ज, जानिए क्या है पूरा मामला
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









