Punjab

एशियाई हॉकी फेडरेशन का CM भगवंत मान को निमंत्रण, जापान में सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले देखेंगे

Punjab News : अंतरराष्ट्रीय हॉकी में पंजाब की बढ़ती भूमिका को देखते हुए एशियाई हॉकी फेडरेशन ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और पंजाब सरकार के प्रतिनिधिमंडल को जापान में होने वाले आईची-नागोया एशियाई खेल-2026 के हॉकी मुकाबले देखने के लिए निमंत्रण दिया है.

यह निमंत्रण महिला और पुरुष हॉकी के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों के लिए दिया गया है. एशियाई हॉकी फेडरेशन की ओर से दिए गए निमंत्रण के अनुसार महिला और पुरुष हॉकी के सेमीफाइनल मुकाबले 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को होंगे, जबकि फाइनल मुकाबले 2 और 3 अक्टूबर को खेले जाएंगे.

पंजाब को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय आयोजन का अनुभव

एशियाई हॉकी फेडरेशन के अध्यक्ष फुमियो ओगुरा की ओर से दिए गए निमंत्रण में कहा गया है कि पंजाब सरकार के प्रतिनिधिमंडल की मौजूदगी से बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन के प्रबंधन और संचालन का अनुभव मिलेगा. यह निमंत्रण ऐसे समय में आया है जब पंजाब पहली बार पुरुष एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी-2026 की मेजबानी करने जा रहा है.

जालंधर-मोहाली में एशियाई ट्रॉफी

पुरुष एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी-2026 का आयोजन 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक पंजाब में होगा. इस प्रतियोगिता की मेजबानी जालंधर और मोहाली संयुक्त रूप से करेंगे. जालंधर में उद्घाटन समारोह और लीग मुकाबले आयोजित किए जाएंगे, जबकि मोहाली में सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे.यह पहली बार होगा जब पंजाब प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करेगा.

पंजाब की हॉकी विरासत को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने इस आयोजन को पंजाब की हॉकी विरासत के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताया है. पंजाब ने भारतीय हॉकी को कई महान खिलाड़ी दिए हैं और अब राज्य अंतरराष्ट्रीय स्तर के बड़े आयोजनों की मेजबानी की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

आने वाली एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में भारत, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, चीन और अन्य देशों की टीमें हिस्सा लेंगी.

भविष्य के आयोजनों के लिए उपयोगी होगा अनुभव

एशियाई हॉकी फेडरेशन ने कहा है कि आईची-नागोया में पंजाब सरकार के प्रतिनिधिमंडल को मिलने वाला अनुभव जालंधर और मोहाली में होने वाली एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी तथा भविष्य में राज्य में आयोजित होने वाले बड़े खेल आयोजनों के लिए उपयोगी साबित होगा.यह निमंत्रण पंजाब की तैयारियों और अंतरराष्ट्रीय हॉकी आयोजनों से जुड़ने की दिशा में राज्य की भूमिका को दर्शाता है.

एशियाई हॉकी फेडरेशन ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के प्रतिनिधिमंडल और यात्रा से जुड़ी जानकारी की पुष्टि करने का अनुरोध किया है, ताकि आवश्यक व्यवस्थाएं की जा सकें.

ये भी पढ़ें – पंजाब सरकार की पहल से 48 बच्चों ने पूरा किया 48 बच्चों ने पूरा किया कौशल प्रशिक्षण, आत्मनिर्भरता की ओर बढ़े कदम

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button