Uttarakhand Murder Case : उत्तराखंड के देहरादून में प्रेमनगर इलाके के केहरी गांव में बीटेक छात्र दिव्यांशु जटराना की हत्या के मामले में पुलिस ने गुरुवार को बड़ा कदम उठाया है. घटना से जुड़े “बाबा की रसोई” रेस्टोरेंट और पास में स्थित “चंपारण होटल” को सील कर दिया गया. पुलिस के मुताबिक, झगड़े की शुरुआत इसी जगह से हुई थी और इन प्रतिष्ठानों के देर रात तक खुले रहने की शिकायतें भी मिल रही थीं.
इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी अंकित भारद्वाज जो बिहार के गया जिले का रहने वाला है, को गिरफ्तार किया है. हालांकि, कई आरोपी अभी भी फरार हैं. अब तक तीन लोगों को पकड़ा जा चुका है, जबकि बाकी नामजद और कुछ अज्ञात आरोपियों की तलाश लगातार जारी है.
घटना के बाद पुलिस ने बढ़ाई सख्ती
वहीं, पुलिस की अलग-अलग टीमें देहरादून के साथ-साथ उत्तर प्रदेश और बिहार में संभावित ठिकानों पर लगातार छापे मारी कर रही हैं, लेकिन अभी तक सभी आरोपियों को पकड़ने में सफलता नहीं मिली है. माना जा रहा है कि वारदात के बाद कुछ आरोपी दूसरे राज्यों में छिपे हुए हैं.
इस घटना के बाद पुलिस ने इलाके में सख्ती बढ़ा दी है. रात में बिना वजह घूमने वाले युवाओं पर नजर रखी जा रही है. हाल ही में पुलिस ने देर रात घूम रहे कई लोगों से पूछताछ की, जिनमें से कुछ के खिलाफ कार्रवाई भी की गई और जुर्माना वसूला गया.
हुड़दंग करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि अगर कोई भी युवक हुड़दंग या आपराधिक गतिविधियों में शामिल पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर उसके कॉलेज या यूनिवर्सिटी को भी इसकी जानकारी दी जाएगी.
ये भी पढ़ें- LPG Crisis Charge : होटल और रेस्टोरेंट अब ग्राहकों से नहीं ले सकेंगे LPG चार्ज, जानिए क्या है पूरा मामला
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









