Noida Fire News : नोएडा के सेक्टर-119 स्थित अरण्य सोसाइटी की एक हाईराइज इमारत में सोमवार को आग लगने की घटना सामने आई. जानकारी के अनुसार, आग सोसाइटी के 21वें फ्लोर पर स्थित एक फ्लैट में लगी, जिसके बाद आसपास के फ्लैट भी इसकी चपेट में आ गए. घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया.
बताया गया कि यह घटना सेक्टर-113 थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली अरण्य सोसाइटी की है. आग लगने की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर भेजी गईं. फिलहाल आग पर काबू पाने का प्रयास जारी है. अब तक इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है.
एसी में ब्लास्ट से लगी आग
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह एसी में ब्लास्ट बताई जा रही है. बताया गया कि विस्फोट के बाद 21वीं मंजिल पर आग लगी और देखते ही देखते कम से कम दो फ्लैट इसकी चपेट में आ गए. दमकल कर्मी आग बुझाने और स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे हुए हैं.
सीएम योगी ने लिया घटना का संज्ञान
नोएडा की अरण्य सोसाइटी में आग लगने की घटना पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है. मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के अनुसार, उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं. साथ ही राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने, घायलों को आवश्यक उपचार उपलब्ध कराने तथा पूरे मामले पर लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं. प्रशासन को सभी स्तरों पर सतर्कता बरतने के लिए कहा गया है.
ये भी पढ़ें- फ्रांस में भीषण गर्मी का कहर, हीटवेव से 1000 से ज्यादा लोगों की मौत, 16 देशों में रिकॉर्डतोड़ गर्मी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








