Bangladesh News : भारत के पड़ोसी देश बांग्लादेश में एक बार फिर राजनीतिक टकराव ने हिंसक रूप ले लिया है. पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी आवामी लीग और सत्तारूढ़ बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है. इस बीच हिंदू परिवारों के घरों को निशाना बनाए जाने और आगजनी के दावे ने चिंता बढ़ा दी है. आवामी लीग के छात्र संगठन के अध्यक्ष अल अमीन रहमान ने सोशल मीडिया पर दावा किया है कि पार्टी समर्थकों समेत करीब 200 हिंदू परिवारों के घरों पर हमला कर आग लगा दी गई. हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि सामने नहीं आई है.
आवामी लीग ने हिंसा के लिए BNP और जमात समर्थकों को जिम्मेदार ठहराया है. पार्टी ने मानवाधिकार संगठनों से पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है. दूसरी ओर, BNP सरकार आवामी लीग पर देश में हिंसा फैलाने का आरोप लगा रही है. पिछले कई दिनों से दोनों पक्षों के बीच टकराव जारी है.
शेख हसीना की वापसी के ऐलान के बाद बढ़ा तनाव
बताया जा रहा है कि शेख हसीना ने दिसंबर 2026 में भारत से बांग्लादेश लौटने की योजना का ऐलान किया था. इसके बाद सरकार की ओर से उनके नए पासपोर्ट और पहचान पत्र के अनुरोध को खारिज कर दिया गया. इस फैसले के बाद आवामी लीग के समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिए. कई जिलों में आगजनी की घटनाएं भी सामने आईं.
नरेल में दो BNP नेताओं की हत्या के बाद बढ़ी हिंसा
18 नवंबर को नरेल में एक जुलूस पर हुए हमले में BNP के दो नेताओं की हत्या कर दी गई थी. इसके बाद 20 नवंबर को नरेल जिले के कालिया उपजिला स्थित बेंदार चार गांव में आवामी लीग के नेताओं और कार्यकर्ताओं से जुड़े घरों और दुकानों को निशाना बनाया गया.
स्थानीय पुलिस के मुताबिक, मृतकों के रिश्तेदारों और समर्थकों ने उन आवामी लीग कार्यकर्ताओं के घरों पर हमला किया, जिन पर हत्याओं में शामिल होने का आरोप था.
लगातार हो रही हिंसा ने बांग्लादेश की कानून-व्यवस्था और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर नई चिंताएं खड़ी कर दी हैं.
ये भी पढ़ें – योगी सरकार में मेडिकल शिक्षा को उत्कृष्टता के नए मानकों से जोड़ने की तैयारी, विकसित होगा यूपी-एमसीईआई
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









