Canada News : कनाडा में भारतीय मूल के लोगों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. ब्रिटिश कोलंबिया के सरे शहर में वॉलमार्ट स्टोर के बाहर भारतीय मूल के एक युवक और युवती की गोली मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस को आशंका है कि हमलावरों ने इस वारदात को किसी खास मकसद से अंजाम दिया. घटना के करीब 13 मिनट बाद पास में एक कार में आग लगने की जानकारी भी सामने आई है, जिसे पुलिस इस हत्याकांड से जोड़कर देख रही है।
मृतकों की पहचान 23 वर्षीय गगनप्रीत (गैरी) रेहल और 24 वर्षीय सुखजीत कौर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, 15 नवंबर की रात करीब 10:38 बजे सरे स्थित वॉलमार्ट की पार्किंग में गोलीबारी की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचे बचावकर्मियों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। दोनों डेल्टा टाउनशिप में रहते थे।
13 मिनट बाद कार में लगी आग
मामले की जांच कनाडा की इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम (IHIT) कर रही है। जांच अधिकारियों के अनुसार, गोलीबारी के लगभग 13 मिनट बाद पास में एक कार जलती हुई मिली थी। पुलिस को संदेह है कि इस गाड़ी का इस्तेमाल हमलावरों ने किया होगा। घटनास्थल पर एक लाल मस्टैंग कार भी देखी गई, जिसकी खिड़कियां टूटी हुई थीं।
IHIT का मानना है कि यह टारगेटेड शूटिंग थी और इसका संबंध संगठित अपराध से हो सकता है। पुलिस ने लोगों से CCTV और डैश कैमरा फुटेज उपलब्ध कराने की अपील की है।
लैंगली में भी जली कार के अंदर मिला था भारतीय का शव
कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में पिछले महीने भी एक भारतीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु का मामला सामने आया था। 29 अक्टूबर को लैंगली के रॉलिन्सन क्रेसेंट इलाके में जलती कार के अंदर 25 वर्षीय तुषार शर्मा के अवशेष मिले थे। वह सरे में रहते थे।
पुलिस के मुताबिक, तुषार का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था। जांचकर्ताओं को आशंका है कि उन्हें भी निशाना बनाकर मारा गया था। पुलिस अब उनकी हत्या के पीछे संभावित वजह और निजी दुश्मनी के पहलुओं की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें – योगी सरकार में मेडिकल शिक्षा को उत्कृष्टता के नए मानकों से जोड़ने की तैयारी, विकसित होगा यूपी-एमसीईआई
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









