Rahul Gandhi : भारत और पाकिस्तान के बीच बातचीत की संभावनाओं को लेकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अपना रुख स्पष्ट किया है, उन्होंने कहा कि दोनों देश एक साथ बैठकर बातचीत और सहयोग कर सकते हैं, लेकिन इसके लिए पाकिस्तान को भारत में आतंकवाद को समर्थन देना और उसे बढ़ावा देना बंद करना होगा. राहुल गांधी के मुताबिक, जब तक निर्दोष लोगों की हत्याएं होती रहेंगी, तब तक पाकिस्तान के साथ बातचीत करना संभव नहीं है.
राहुल गांधी बुधवार को अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो में छात्रों से बातचीत कर रहे थे. इस दौरान एक पाकिस्तानी छात्र ने उनसे पूछा कि क्या भारत और पाकिस्तान आपसी आरोप-प्रत्यारोप से आगे बढ़कर बाहरी ताकतों को अपने मतभेदों का फायदा उठाने से रोक सकते हैं और मिलकर काम कर सकते हैं?
इस पर राहुल गांधी ने कहा कि दोनों देशों के बीच सहयोग की गुंजाइश है, लेकिन पाकिस्तान की ओर से आतंकवाद को समर्थन दिया जाना सबसे बड़ी बाधा है, उन्होंने साफ कहा कि भारतीय नागरिकों की हत्याओं के बीच पाकिस्तान के साथ बातचीत स्वीकार नहीं की जा सकती. अगर आतंकवाद पर रोक लगती है, तभी बातचीत का रास्ता खुल सकता है.
इजरायल से रिश्ते भी जरूरी
इसी बातचीत में राहुल गांधी ने इजरायल के साथ भारत के रणनीतिक और रक्षा संबंधों पर भी अपनी बात रखी, उन्होंने कहा कि भारत को इजरायल के साथ अच्छे रिश्ते बनाए रखने चाहिए और रक्षा सहयोग भी जारी रखना चाहिए, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि भारत गाजा में इजरायल की सैन्य कार्रवाइयों पर अपना विरोध दर्ज न कराए. उन्होंने जोर दिया कि भारत की विदेश नीति राष्ट्रीय हितों के आधार पर तय होनी चाहिए, न कि दूसरे देशों के दबाव में.
वैश्विक मामलों में भारत की भूमिका पर उठाए सवाल
राहुल गांधी ने कहा कि 1.5 अरब की आबादी वाले भारत की अंतरराष्ट्रीय मामलों में महत्वपूर्ण भूमिका होनी चाहिए, उन्होंने चिंता जताई कि भारत वैश्विक बातचीत में सक्रिय भूमिका निभाने के बजाय पीछे रह गया है.
उन्होंने पाकिस्तान का जिक्र करते हुए कहा कि एक तरफ पाकिस्तान ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत में व्यस्त है, जबकि भारत केवल घटनाक्रम देख रहा है. राहुल गांधी ने कहा कि भारत को वैश्विक मंच पर अपनी आवाज और प्रभाव का इस्तेमाल करना चाहिए.
ये भी पढ़ें- पंजाब में महिलाओं की सुरक्षा पर मान सरकार सख्त, पॉश एक्ट के अनुपालन संबंधी सभी विभागों को बड़ा आदेश
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









