Katni Fire Accident : मध्य प्रदेश के कटनी में दिवाली की रात एक परिवार के लिए ऐसी त्रासदी लेकर आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. बरही इलाके में तीन मंजिला मकान में अचानक भीषण आग लग गई. देखते ही देखते लपटों ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया. इस दर्दनाक हादसे में दो महीने के मासूम समेत एक ही परिवार के छह लोगों की जान चली गई. वहीं, दो लोग किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकलने में कामयाब रहे.
जानकारी के मुताबिक, बरही थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 11 में पूरन अग्रवाल का तीन मंजिला मकान है. मकान के निचले हिस्से में क्रॉकरी की दुकान थी, जबकि ऊपर की दो मंजिलों पर परिवार रहता था. दिवाली की रात करीब 12 से 12:30 बजे के बीच अचानक घर में आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला.
मृतकों में तीन छोटे बच्चे भी शामिल
हादसे में 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल, उनकी पत्नी, बहू और परिवार के अन्य सदस्यों की मौत हो गई. मृतकों में तीन छोटे बच्चे भी शामिल हैं. इनमें दो महीने का मासूम भी था. आग की सूचना मिलते ही प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग की भयावहता के कारण बचाव अभियान में काफी मुश्किलें आईं. घर से शवों को बाहर निकालने में करीब पांच से छह घंटे का समय लगा.
जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
विजयराघवगढ़ के एसडीओपी वीरेंद्र धुर्वे के मुताबिक, हादसे में दो लोग बच गए थे, जो आग लगने के शुरुआती समय में ही नीचे आ गए थे. दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. फिलहाल आग लगने की असली वजह स्पष्ट नहीं है. शुरुआती जांच में दीपक या शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई गई है.
उधर, हादसे के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन और दमकल विभाग की व्यवस्था को लेकर नाराजगी है. लोगों ने राहत और बचाव कार्य में देरी पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल भी बन गया. फिलहाल पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं.
ये भी पढ़ें- पंजाब की खनन आय में 7 गुना उछाल, 123.5 करोड़ से 799 करोड़ पहुंची आय, केंद्र के सामने बरिंदर गोयल ने उठाया मुद्दा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









