Delhi NCRमौसम

दिवाली से पहले दिल्ली की हवा हुई जहरीली, AQI 452 तक पहुंचा, प्रदूषण से बढ़ी लोगों की चिंता

Delhi Air Pollution : दिवाली की रौनक के बीच राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रदूषण ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. त्योहार से पहले ही राजधानी की हवा बेहद खराब हो चुकी है. शनिवार को दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 369 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है. वहीं, कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर 400 के पार पहुंच गया. दिवाली की पूर्व संध्या पर दिल्ली धुंध और धुएं की चादर में लिपटी नजर आई.

सबसे चिंताजनक स्थिति IIT दिल्ली के आसपास रही, जहां AQI 452 दर्ज किया गया. राजधानी के 59 निगरानी केंद्रों में से 16 पर हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में पहुंच गई, जबकि 29 केंद्रों पर बहुत खराब स्थिति दर्ज की गई. शुक्रवार को औसत AQI 382 था, जिसके मुकाबले शनिवार को मामूली सुधार जरूर हुआ, लेकिन खतरा अब भी बरकरार है.

परिवहन क्षेत्र की हिस्सेदारी 21.4 प्रतिशत रही

वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली के अनुसार, 8 और 9 नवंबर को दिल्ली की हवा गंभीर श्रेणी में रह सकती है. इसके बाद भी अगले छह दिनों तक प्रदूषण से राहत मिलने की संभावना कम है.

दिल्ली के प्रदूषण में सबसे बड़ा योगदान वाहनों का है. डिसीजन सपोर्ट सिस्टम के मुताबिक, शनिवार को परिवहन क्षेत्र की हिस्सेदारी 21.4 प्रतिशत रही, जबकि पराली जलाने का योगदान 1.7 प्रतिशत दर्ज किया गया. रविवार को इसके बढ़कर 5.4 प्रतिशत होने का अनुमान है.

दिल्ली-NCR प्रदूषण पर सुप्रीम कोर्ट में हुई सुनवाई

इस बीच, छह राज्यों में शुक्रवार को पराली जलाने की 589 घटनाएं दर्ज की गईं. इनमें पंजाब में 357, मध्य प्रदेश में 139, राजस्थान में 58, उत्तर प्रदेश में 23, हरियाणा में 9 और उत्तराखंड में 3 घटनाएं शामिल हैं.

वहीं, दिल्ली-NCR के प्रदूषण पर शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट में भी सुनवाई हुई. इस दौरान CJI सूर्यकांत ने टिप्पणी करते हुए कहा कि उम्मीद है कि आप सभी दिल्ली के मौसम का आनंद ले रहे होंगे. अब सवाल यह है कि दिवाली के दौरान आतिशबाजी के बाद राजधानी की हवा किस स्तर तक पहुंचती है और लोगों को प्रदूषण से राहत कब मिलती है.

ये भी पढ़ें- योगी सरकार में पारदर्शी भर्ती से मिली खाकी वर्दी, सीएम के हाथों नियुक्ति पत्र पाकर खिले चेहरे

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button