
Karnataka Accident : कर्नाटक में सड़क हादसों की दो अलग-अलग घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 अन्य घायल हो गए. पहला हादसा हुंसूर के पास पेरियपट्टना में हुआ, जहां केरल के कोझिकोड से बेंगलुरु आ रही कावेरी एसी स्लीपर बस की ट्रक से आमने-सामने टक्कर हो गई. वहीं, दूसरे हादसे में मुंबई से बेंगलुरु जा रही एक निजी बस हुबली के पास सड़क किनारे खेत में जा गिरी. दोनों घटनाओं के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया.
वहीं, पेरियपट्टना में हुए हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य घायल हुए हैं. पुलिस के मुताबिक, मृतकों में आफताब, 36 वर्षीय साजेश और सुनील शामिल हैं, जो मनकावु के रहने वाले थे. चौथे मृतक की पहचान की प्रक्रिया जारी है. हादसे में बस और ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.
हुबली के पास खेत में पलटी बस, बच्ची की मौत
दूसरी घटना गुरुवार तड़के करीब तीन बजे हुबली के पास चब्बी क्रॉस से आगे हुई. मुंबई से बेंगलुरु जा रही निजी बस में 26 यात्री सवार थे. पुलिस के अनुसार, चालक के नियंत्रण खोने के बाद बस सड़क से उतरकर खेत में जा गिरी. हादसे में आठ साल की एक बच्ची की मौत हो गई, जबकि 16 लोग घायल हुए.
हादसे के बाद बस चालक का पैर वाहन में फंस गया था. पुलिस और अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा के कर्मचारियों ने बचाव अभियान चलाकर उसे बाहर निकाला. पुलिस अधीक्षक गुंजन आर्य के मुताबिक, तेज रफ्तार के कारण बस उछल गई, जिससे दुर्घटना हुई. घायलों का इलाज जारी है. पुलिस दोनों घटनाओं से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें – वाराणसी में अवैध पटाखा फैक्ट्री में जोरदार धमाका, मकान ढहा, 3 लोग गंभीर रूप से झुलसे
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









