Uttar Pradesh

राजनाथ सिंह की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर अखिलेश का तंज, बोले- ‘लखनऊ के इंजन को खटारा साबित करने की तैयारी’

UP News : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर निशाना साधा है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने ‘लखनऊ-एक्सप्रेस’ के इंजन का जिक्र करते हुए सियासी बदलाव की अटकलों पर तंज कसा. अखिलेश ने लिखा कि सत्ताधारी पक्ष की प्रेस कॉन्फ्रेंस के पीछे लखनऊ की कमान किसी दूसरे को सौंपने की तैयारी हो सकती है.

अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में लिखा कि प्रेस कॉन्फ्रेंस तो केवल दिखावा है, जबकि असली खेल लखनऊ के इंजन को खटारा साबित करके स्थायी रूप से हटाने का है, उन्होंने सवाल उठाया कि अगर ऐसा होता है तो लखनऊ के लोगों की रक्षा कौन करेगा? उनके इस बयान को उत्तर प्रदेश की राजनीति में नेतृत्व को लेकर चल रही चर्चाओं से जोड़कर देखा जा रहा है.

राजनाथ का कांग्रेस पर निशाना

दूसरी ओर, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिल्ली में हाल के घटनाक्रमों को लेकर कांग्रेस और उसके राजनीतिक सहयोगियों पर निशाना साधा, उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं की ऊर्जा को रचनात्मक कार्यों और राष्ट्र निर्माण में लगाने के बजाय राजनीतिक टकराव और अराजकता की ओर मोड़ने की कोशिश की जा रही है.

‘रेजीम चेंज’ के मुद्दे पर विपक्ष को घेरा

राजनाथ सिंह ने कहा कि विपक्ष के कुछ नेताओं की ओर से बांग्लादेश की घटनाओं से प्रेरणा लेकर सत्ता परिवर्तन की बात की जा रही है. उनके मुताबिक, ऐसे बयान लोकतांत्रिक संस्थाओं और देश की व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करते हैं, उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष चुनाव सुधार, SIR और चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों की आड़ में सरकार को अस्थिर करने की कोशिश कर रहा है.

रक्षा मंत्री ने राहुल गांधी और उनके सहयोगियों को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक विरोध का मतलब अराजकता फैलाने या संवैधानिक संस्थाओं की साख को नुकसान पहुंचाना नहीं है, उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कानून का सम्मान करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया.

ये भी पढ़ें- UP में सोलर ऊर्जा की बड़ी छलांग, 9 लाख से ज्यादा घरों पर लगे रूफटॉप सोलर प्लांट

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button