
US Iran Tensions : अमेरिका – ईरान के बीच तनाव के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप नए सिरे से सैन्य कार्रवाई के विकल्पों पर विचार कर रहे हैं. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, योजना से परिचित अधिकारियों के हवाले से बताया गया है कि पेंटागन ईरान के ऊर्जा ढांचे और परमाणु ठिकानों को निशाना बनाने के लिए अमेरिका के विशाल गैर-परमाणु बम MOAB के इस्तेमाल की संभावनाएं तलाश रहा है. हालांकि, इस हथियार के इस्तेमाल को लेकर अभी किसी अंतिम फैसले की पुष्टि नहीं हुई है.
MOAB का पूरा नाम मैसिव ऑर्डनेंस एयर ब्लास्ट है. इसे दुनिया के सबसे शक्तिशाली गैर-परमाणु बमों में गिना जाता है. इसकी विस्फोटक क्षमता बड़े क्षेत्र में भारी तबाही मचा सकती है. हालांकि, इसकी मारक क्षमता के बावजूद गहराई में बने भूमिगत ठिकानों को नष्ट करना इसकी सबसे बड़ी चुनौती है.
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, योजना से जुड़े एक सूत्र ने कहा कि MOAB बड़े इलाके को तबाह कर सकता है, लेकिन यह गहराई में स्थित लक्ष्यों को भेदने के लिए बनाया गया हथियार नहीं है. ऐसे में ईरान की भूमिगत परमाणु सुविधाओं पर इसका असर सीमित हो सकता है. इस बम का ईरान के खिलाफ पहले इस्तेमाल नहीं हुआ है.
ट्रंप के सामने शक्ति प्रदर्शन का विकल्प
रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी सैन्य अधिकारी ऐसे विकल्पों पर भी चर्चा कर रहे हैं, जिनसे युद्ध के शुरुआती उद्देश्यों को पूरी तरह हासिल किए बिना ताकत का प्रदर्शन किया जा सके. कुछ प्रस्तावित हमलों को संभावित शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है. इससे ट्रंप को संघर्ष से पीछे हटने का रास्ता भी मिल सकता है.
यह चर्चा ऐसे समय हो रही है, जब युद्ध खत्म करने के लिए चल रहे राजनयिक प्रयास ठप पड़े हैं. नवंबर में होने वाले अमेरिकी मध्यावधि चुनावों से पहले ट्रंप पर घरेलू राजनीतिक दबाव भी बढ़ रहा है. सर्वेक्षणों के मुताबिक, युद्ध और ईंधन समेत दूसरी वस्तुओं की बढ़ती कीमतों का असर उनकी रिपब्लिकन पार्टी की लोकप्रियता पर पड़ रहा है.
अमेरिका और इजरायल ने अपनी सैन्य कार्रवाई को ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकने की जरूरत से जोड़ा है. वहीं, ईरान लगातार परमाणु हथियार विकसित करने की कोशिश से इनकार करता रहा है. फिलहाल, MOAB के इस्तेमाल को लेकर अमेरिकी प्रशासन के अंतिम फैसले की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
ये भी पढ़ें – पंजाब में बिजली और कोयले की कमी नहीं होने देंगे CM भगवंत मान, केंद्रीय मंत्री से की मुलाकात
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









