Divya Mittal : पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत करते हुए नई पार्टी ‘जननीति भारत’ बनाने की घोषणा की है, उन्होंने बताया कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ेगी. दिव्या मित्तल के मुताबिक, राजनीति में समस्या की कमी नहीं, बल्कि आम लोगों की बात सुने जाने और उनकी जरूरतों के अनुसार फैसले लेने की है, उन्होंने जनता की भागीदारी, जरूरत के आधार पर निर्णय और जवाबदेही को अपनी राजनीतिक सोच का प्रमुख आधार बताया.
वीडियो संदेश में दिव्या मित्तल ने बताया कि जब उन्होंने पहली बार राजनीति में आने की बात कही थी, तब लोगों से संपर्क के लिए एक मोबाइल नंबर साझा किया था. इस नंबर पर बड़ी संख्या में संदेश आए, जिसके कारण व्हाट्सऐप ने उसे रोक दिया, उन्होंने कहा कि उन्हें इतनी बड़ी प्रतिक्रिया की उम्मीद नहीं थी. संदेशों को व्यवस्थित तरीके से संभालने की व्यवस्था नहीं कर पाने के कारण लोगों को हुई परेशानी के लिए उन्होंने माफी भी मांगी.
जनता की प्रतिक्रिया का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसा लगा, जैसे वह सूरज के सामने दिया लेकर खड़ी हों, जबकि उन्हें केवल खिड़की खोलने की जरूरत थी.
‘जननीति भारत’ के तीन प्रमुख वचन
दिव्या मित्तल ने अपनी पार्टी के तीन प्रमुख वचन बताए. पहला, देश की नीतियों के केंद्र में जनता होगी और उन्हें बनाने में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी. दूसरा, फैसले किसी व्यक्ति की पहचान के आधार पर नहीं, बल्कि उसकी जरूरत के अनुसार लिए जाएंगे. तीसरा, हर काम के लिए जनता के प्रति जवाबदेही तय होगी और उसके आधार पर सुधार किया जाएगा.
दिव्या मित्तल ने कहा कि उनकी पार्टी ऐसी व्यवस्था बनाने का प्रयास करेगी, जिसमें सरकार जनता की जरूरतों और अपेक्षाओं के अनुरूप काम करे. ‘जननीति भारत’ के गठन और 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में उतरने की घोषणा के साथ उन्होंने अपनी राजनीतिक दिशा स्पष्ट कर दी है.
ये भी पढ़ें- हम आतंकवादी, गुंडे या माफिया नहीं, शांतिपूर्ण विरोध हमारा संवैधानिक अधिकार- संजय सिंह
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









