विदेश

जर्मनी में भीषण आग का कहर, 3 भारतीय छात्रों की मौत, कई की हालत गंभीर

Germany Fire : जर्मनी के बोखुम शहर में एक रिहायशी इमारत में लगी आग ने तीन भारतीय युवाओं की जान ले ली. बुधवार को हुई इस घटना में दो युवतियों और एक युवक की मौत हो गई. तीनों जर्मनी में पढ़ाई कर रहे थे. हादसे के बाद पांच अन्य लोगों को भी गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया है. मामले में पुलिस ने हत्या के संदेह में 41 वर्षीय एक रोमानियाई व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. हालांकि, आग लगने की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है और जर्मन अधिकारी पूरे मामले की जांच कर रहे हैं.

यह घटना जर्मनी के नॉर्थ राइन-वेस्टफेलिया राज्य के बोखुम शहर में हुई. स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मृतकों में 25 और 27 साल की दो युवतियां और 26 साल का एक युवक शामिल है. आग लगने की सूचना मिलते ही दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया. तलाशी के दौरान इमारत की दूसरी मंजिल पर स्थित एक अपार्टमेंट से तीनों के शव बरामद हुए. फिलहाल मृतकों के नाम और भारत में उनके मूल निवास की जानकारी सामने नहीं आई है.

धुएं से पांच लोगों की हालत गंभीर

आग और धुएं की चपेट में आने से पांच अन्य लोगों की तबीयत बिगड़ गई, उन्हें सांस लेने में परेशानी होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया. इन लोगों की राष्ट्रीयता के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं दी गई है. पुलिस ने मामले में हत्या के संदेह के आधार पर 41 वर्षीय रोमानियाई नागरिक को गिरफ्तार किया है. हालांकि, गिरफ्तारी के आधार और आग लगने के कारणों को लेकर जांच जारी है.

मृतकों के परिवारों को मदद जारी

घटना के बाद बर्लिन स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा की. दूतावास के अनुसार, जर्मनी में भारतीय दूतावास और फ्रैंकफर्ट स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास स्थानीय अधिकारियों के साथ-साथ मृतकों के परिवारों के संपर्क में हैं. परिवारों को जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है. तीन भारतीय छात्रों की मौत से उनके परिजनों में शोक है. अब जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने की वजह और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता चल सकेगा.

ये भी पढ़ें- हम आतंकवादी, गुंडे या माफिया नहीं, शांतिपूर्ण विरोध हमारा संवैधानिक अधिकार- संजय सिंह

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button