Punjab Education : पंजाब के सरकारी स्कूलों में शिक्षा को सकारात्मक दिशा देने के लिए एक बड़ी पहल के तहत आज राज्य के सभी 23 जिलों के 19,200 सरकारी स्कूलों में आयोजित मेगा पेरेंट्स-टीचर मीटिंग (पीटीएम) में लगभग 21 लाख अभिभावकों ने भाग लिया। इस दौरान विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, उपस्थिति, क्षमताओं और सुधार की आवश्यकता वाले अन्य क्षेत्रों पर विस्तार से चर्चा की गई। अभिभावकों की रिकॉर्ड भागीदारी ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार द्वारा ‘पंजाब शिक्षा क्रांति’ के तहत किए जा रहे शैक्षणिक सुधारों के प्रति लोगों के बढ़ते विश्वास को दर्शाया है।
मेगा पीटीएम का विवरण साझा करते हुए पंजाब के शिक्षा मंत्री स हरजोत सिंह बैंस ने सरकारी स्कूलों में विश्वास जताने और बड़ी संख्या में इस अभियान से जुड़ने के लिए अभिभावकों का धन्यवाद किया। उन्होंने इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों को भी बधाई दी।
शिक्षा के क्षेत्र में परिवारों की सक्रिय भागीदारी
उन्होंने बताया कि ‘हर दिन, एक कदम आगे’ थीम के तहत आयोजित इस पीटीएम में लगभग 21 लाख अभिभावकों ने भाग लिया, जो शिक्षा के क्षेत्र में परिवारों की सक्रिय भागीदारी को दर्शाता है। इस बैठक की व्यवस्थाओं का जायजा लेने और कार्यवाही का निरीक्षण करने के लिए विभागीय अधिकारियों ने लगभग 2,000 स्कूलों का दौरा भी किया।
स हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि रिपोर्ट कार्ड और परीक्षा के अंकों से आगे बढ़कर मेगा पीटीएम का मुख्य उद्देश्य अभिभावकों और शिक्षकों के बीच साझेदारी को मजबूत करना है, ताकि प्रत्येक बच्चे को समय पर प्रोत्साहन, मार्गदर्शन और शैक्षणिक सहयोग मिल सके। इस दौरान प्रत्येक बच्चे की समग्र शिक्षा और व्यक्तिगत आवश्यकताओं पर केंद्रित सार्थक विचार-विमर्श भी किया गया।
पढ़ाई में सहायता करने के व्यावहारिक तरीके
इस बैठक के दौरान शिक्षकों ने रिपोर्ट कार्ड साझा किए और कक्षाओं में बच्चों के प्रदर्शन, उपस्थिति तथा सीखने के परिणामों पर चर्चा की। इसमें प्रत्येक विद्यार्थी की क्षमताओं और सुधार की आवश्यकता वाले क्षेत्रों को उजागर किया गया। शिक्षा मंत्री ने बताया कि अभिभावकों को घर पर बच्चों की पढ़ाई में सहायता करने के व्यावहारिक तरीकों के बारे में भी जानकारी दी गई, ताकि वे शिक्षकों के साथ मिलकर विद्यार्थियों की सीखने संबंधी कमियों को दूर करने में सहयोग कर सकें।
भागीदारी मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान
बैंस ने कहा कि मेगा पीटीएम ने स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा चलाई जा रही विद्यार्थी-हितैषी पहलों के बारे में अभिभावकों को जागरूक करने के लिए एक मंच के रूप में भी काम किया। उन्होंने स्कूल प्रबंधन समितियों (एसएमसी) के सदस्यों का स्कूलों के विकास और सरकारी स्कूलों में सामुदायिक भागीदारी को मजबूत करने में दिए गए महत्वपूर्ण योगदान के लिए धन्यवाद किया।
यह पहल ‘पंजाब शिक्षा क्रांति’ का हिस्सा है, जो शिक्षकों, अभिभावकों और पूरे स्कूल समुदाय के आपसी सहयोग से स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए राज्य सरकार का एक प्रमुख कार्यक्रम है।
उनकी निरंतर प्रगति के लिए व्यावहारिक कदम
हरजोत सिंह बैंस ने इस बात पर जोर दिया कि प्रत्येक बच्चे की सीखने की गति अलग-अलग होती है। घर पर निरंतर प्रोत्साहन और स्कूल में विशेष शैक्षणिक सहयोग से सीखने के परिणामों में बड़ा सुधार लाया जा सकता है। मेगा पीटीएम ने अभिभावकों को अपने बच्चों की शैक्षणिक आवश्यकताओं को बेहतर ढंग से समझने और उनकी निरंतर प्रगति के लिए व्यावहारिक कदम उठाने में मदद की है।
पूरी क्षमता तक पहुंचने में कर सकते हैं मदद
सरकारी स्कूलों को अधिक समावेशी, जवाबदेह और सीखने पर केंद्रित बनाने के लिए पंजाब सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए उन्होंने कहा, “मेगा पीटीएम का मुख्य संदेश स्पष्ट है कि प्रत्येक बच्चा महत्वपूर्ण है। मिल-जुलकर आगे बढ़ाया गया हर कदम मायने रखता है। अभिभावक और शिक्षक मिलकर प्रत्येक बच्चे को उसकी पूरी क्षमता तक पहुंचने में मदद कर सकते हैं।
ये भी पढ़ें- UP की मंडियों में 15 दिन चलेगा सफाई अभियान, स्वच्छता और जल निकासी पर रहेगा जोर
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









