Punjab

जालंधर स्टेडियम पहुंचे CM भगवंत मान, हॉकी टूर्नामेंट की तैयारियों का लिया जायजा

Punjab News : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आगामी एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जालंधर के बर्लटन पार्क स्टेडियम का निरीक्षण किया, उन्होंने अधिकारियों को विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा तैयार करने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और दर्शकों की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम करने के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट के आयोजन में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए.

चंडीगढ़ में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के बाद स्टेडियम पहुंचे मुख्यमंत्री ने नवीनीकरण कार्यों और अन्य तैयारियों की प्रगति देखी, उन्होंने अधिकारियों को भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और दर्शकों की आवाजाही सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए. उनका कहना था कि मैच से पहले, दौरान और बाद में दर्शकों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए.

स्कोरबोर्ड और नवीनीकरण कार्यों की समीक्षा

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने स्टेडियम में नई लगाई गई लाइटिंग, स्कोरबोर्ड और चल रहे नवीनीकरण कार्यों की समीक्षा की, उन्होंने सभी सुविधाओं को निर्धारित समय में पूरा करने और टूर्नामेंट शुरू होने से पहले उनकी अच्छी तरह जांच करने को कहा. साथ ही, अंतरराष्ट्रीय टीमों के खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए विशेष बसों सहित उचित परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.

पंजाब को खेलों में वैश्विक पहचान दिलाने का लक्ष्य

भगवंत सिंह मान ने कहा कि एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी पंजाब के लिए गर्व की बात है. राज्य की हॉकी परंपरा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह आयोजन युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने और अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में पंजाब की पहचान मजबूत करने का अवसर है.

मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल से काम करने और आयोजन से पहले संभावित कमियों को दूर करने के निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री महिंदर भगत, हॉकी पंजाब के अध्यक्ष नितिन कोहली, जालंधर के मेयर विनीत धीर और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे.

ये भी पढ़ें- भदोही को फिर मिलेगी संत रविदास के नाम से पहचान, योगी कैबिनेट की मुहर

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button