UP News : दिल्ली के जंतर-मंतर पर आज प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR को लेकर उठ रही मांगों के बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आंदोलन का समर्थन किया है, उन्होंने युवाओं के साथ खड़े होने की बात कहते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा. वहीं, दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. ऐसे में अब सबकी नजर इस बात पर है कि प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर तक पहुंच पाते हैं या नहीं.
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “किसी के रोके नहीं रुकेगा, अब दिल्ली में देश जुटेगा!” उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी देश की युवा ऊर्जा के साथ है. अखिलेश ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ताकत के बल पर जनता को रोकने की कोशिश करती है, तो यह उसकी बड़ी भूल साबित होगी, उन्होंने जंतर-मंतर को नई चेतना और जागरण का प्रतीक बताते हुए कहा कि आंदोलनकारियों को रोका गया, तो देश में हर जगह जंतर-मंतर बन जाएगा.
अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में शायरी के जरिए भी सरकार पर निशाना साधा और युवाओं के हौसले का जिक्र किया.
दिल्ली में सुरक्षा कड़ी, मेट्रो और ट्रेनों पर असर
प्रदर्शन को देखते हुए जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई है. दिल्ली पुलिस के साथ केंद्रीय पुलिस बलों को भी तैनात किया गया है. कई मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकास बंद किए गए हैं, जबकि दिल्ली आने वाली कई ट्रेनों को रद्द किए जाने की जानकारी सामने आई है.
विपक्षी सांसदों की अगली रणनीति
इस बीच, इंडिया गठबंधन के सांसदों की गतिविधियां भी जारी हैं. शुक्रवार रात विपक्षी सांसदों ने राष्ट्रपति से मुलाकात की और कहा कि उनकी बात सुनी गई. अब सोमवार, 12 अक्टूबर को विपक्षी सांसदों की मुख्य न्यायाधीश (CJI) से मुलाकात प्रस्तावित है. ऐसे में दिल्ली में विरोध प्रदर्शन और विपक्ष की आगे की रणनीति पर सबकी नजर बनी हुई है.
ये भी पढ़ें- भदोही को फिर मिलेगी संत रविदास के नाम से पहचान, योगी कैबिनेट की मुहर
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









