India vs China Hockey : भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियाई खेल 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया. जापान के आइची-नागोया में खेले गए रोमांचक फाइनल में भारत ने मौजूदा चैंपियन चीन को 1-0 से हराकर इतिहास रचा. इस जीत के बाद पंजाब के खाद्य, सिविल सप्लाई एवं उपभोक्ता मामले मंत्री लाल चंद कटारूचक ने पूरी टीम को बधाई दी.
भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियाई खेलों में दूसरी बार स्वर्ण पदक हासिल किया है. इससे पहले भारत ने 1982 में नई दिल्ली में हुए एशियाड में गोल्ड जीता था. उस समय एशियाई खेलों में महिला हॉकी वर्ग की शुरुआत हुई थी.
लालरेमसियामी ने दागा निर्णायक गोल
फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने चीन के खिलाफ शुरुआत से ही मजबूत खेल दिखाया. लालरेमसियामी ने मुकाबले के 10वें मिनट में निर्णायक गोल कर भारत को बढ़त दिलाई. इसके बाद टीम ने चीन के लगातार दबाव के बावजूद अपनी बढ़त बनाए रखी और मुकाबला 1-0 से अपने नाम कर लिया.
पूरे देश को गर्व है
लाल चंद कटारूचक ने इस उपलब्धि को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि पूरे देश को भारतीय महिला हॉकी टीम पर गर्व है, उन्होंने कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन, दृढ़ संकल्प और टीम भावना का परिणाम है
मंत्री ने कहा कि भारतीय महिला हॉकी ने विश्व स्तर पर देश का नाम रोशन किया है. उनके मुताबिक, यह जीत पंजाब समेत देशभर की लाखों युवा लड़कियों को खेलों को अपनाने के लिए प्रेरित करेगी, उन्होंने चीन जैसी मजबूत टीम के खिलाफ दबाव में संयम बनाए रखने के लिए लालरेमसियामी और पूरी टीम की सराहना की.
लाल चंद कटारूचक ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है, उन्होंने देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को आगे भी समर्थन देने की बात कही और भारतीय टीम को आगामी टूर्नामेंटों के लिए शुभकामनाएं दीं.
ये भी पढ़ें – CEC के खिलाफ सड़कों पर संग्राम: दिल्ली में AAP का प्रदर्शन, मुंबई में CJP का ‘जेल भरो आंदोलन’
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









