Punjab News : पंजाब के गुरदासपुर में पुलिस ने अंतरराज्यीय हथियार तस्करी से जुड़े एक कथित रैकेट का पर्दाफाश करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से सात पिस्तौल, आठ मैगजीन और एक सिल्वर मारुति स्विफ्ट कार बरामद की गई है. गिरफ्तार आरोपियों में तीन उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के सितारगंज और एक गुरदासपुर के कलानौर का रहने वाला है.
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सितारगंज निवासी लवप्रीत सिंह (26), लवप्रीत सिंह (25), जशनदीप सिंह (25) और गुरदासपुर के लखन कलां निवासी हरजिंदर सिंह (23) के रूप में हुई है. बरामद हथियारों में ऑस्ट्रिया निर्मित एक ग्लॉक और चीन निर्मित चार .30 बोर पिस्तौल शामिल हैं. इसके अलावा दो अन्य .30 बोर पिस्तौल और आठ मैगजीन भी बरामद की गई हैं. पुलिस ने आरोपियों के इस्तेमाल में लाई जा रही सिल्वर मारुति स्विफ्ट कार भी जब्त की है.
नाकाबंदी कर पुलिस ने पकड़ा
आईजीपी बॉर्डर रेंज गुरप्रीत सिंह भुल्लर के मुताबिक, गुरदासपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि चारों आरोपी हथियारों की खेप लेकर आगे सप्लाई करने की तैयारी में हैं. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नाकाबंदी की और कार में सवार चारों आरोपियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार कर लिया.
दुबई और अमेरिका में बैठे हैंडलरों से कनेक्शन की जांच
डीजीपी पंजाब गौरव यादव के अनुसार शुरुआती जांच में आरोपियों के दुबई और अमेरिका में मौजूद कथित हैंडलरों से संबंध सामने आए हैं. पुलिस अब हथियारों की सप्लाई से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और इसके आगे-पीछे के कनेक्शन खंगाले जा रहे हैं.
यह कार्रवाई एसएसपी गुरदासपुर आदित्य की निगरानी में की गई। मामले में कलानौर थाने में एफआईआर नंबर 130, दिनांक 1 अक्टूबर 2026 को आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत केस दर्ज किया गया है.
ये भी पढ़ें- शतायु बुजुर्गों का बढ़ा मान, UP में 3 शतायु और 4 वरिष्ठ अचीवर्स को मिला सम्मान, स्वास्थ्य से पेंशन तक सुविधाओं पर जोर
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









