Delhi NCR

दिल्ली में आज गर्मी और उमस करेगी परेशान, जानें कब होगी बारिश?

Delhi Weather Update : दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के बाद दिल्ली के मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल सकता है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, आज 25 सितंबर को राजधानी में मौसम गर्म रहने के साथ-साथ आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं. हालांकि, आज बारिश की संभावना काफी कम है.

IMD के मुताबिक, दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. दिन के समय हल्के बादल दिखाई दे सकते हैं, लेकिन मौसम विभाग ने आज किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की है.

सुबह के समय हवा में नमी का स्तर ज्यादा रहने की संभावना है. IMD के आंकड़ों के अनुसार, सुबह सापेक्षिक आर्द्रता करीब 90 फीसदी और शाम के समय करीब 60 फीसदी रह सकती है. इसके चलते लोगों को गर्मी के साथ उमस का भी सामना करना पड़ सकता है.

26 सितंबर से बदलेगा मौसम का मिजाज

आज भले ही दिल्ली में बारिश से राहत रहेगी, लेकिन 26 सितंबर से मौसम में बदलाव शुरू हो सकता है. मौसम विभाग ने शनिवार से राजधानी में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है. कुछ इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश भी हो सकती है.

27 और 28 सितंबर को बारिश के ज्यादा आसार

IMD के अनुसार, 27 सितंबर को दिल्ली में मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि 28 सितंबर को भी हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है. इसके बाद 29 सितंबर को मौसम फिर आंशिक रूप से बादल छाए रहने वाला रह सकता है.

मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बने मौसम तंत्र का असर देश के कई हिस्सों में दिखाई दे रहा है. इस सिस्टम के आगे बढ़ने के साथ उत्तर-पश्चिम भारत के मौसम में भी बदलाव आने की संभावना है.

फिलहाल दिल्ली वालों को आज गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है, लेकिन अगले कुछ दिनों में बारिश के चलते तापमान में राहत मिलने की उम्मीद है.

ये भी पढ़ें- पाकिस्तान में खैबर पख्तूनख़्वाह सीएम को उठा ले गई पुलिस, लाहौर में चला हाई वोल्टेज ड्रामा

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button