Punjab

गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार एक्ट को लेकर बड़ा मंथन, 6 अक्टूबर को चंडीगढ़ में बैठक

Punjab News : पंजाब में ‘जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) एक्ट, 2026’ को लेकर सरकार की ओर से गठित सात सदस्यीय कोऑर्डिनेशन कमेटी की अहम बैठक 6 अक्टूबर को होगी. चंडीगढ़ में दोपहर 12 बजे होने वाली इस बैठक में कानून के प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी. साथ ही श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से मिले सुझावों पर भी विचार किया जाएगा.

पंजाब सरकार के मुताबिक, बैठक में कानून के अलग-अलग पहलुओं की समीक्षा की जाएगी. चर्चा के दौरान यह सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान रहेगा कि कानून में किए गए प्रावधानों की मूल भावना और पवित्रता बरकरार रहे. कमेटी श्री अकाल तख्त साहिब द्वारा गठित पैनल के साथ प्रभावी समन्वय के तरीकों पर भी विचार करेगी.

सात सदस्यीय कमेटी में कौन-कौन शामिल

पंजाब सरकार द्वारा गठित कमेटी में श्री अकाल तख्त साहिब के पूर्व जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह, दमदमी टकसाल के प्रमुख संत ज्ञानी हरनाम सिंह खालसा, संत बाबा सेवा सिंह रामपुर खेड़ा, न्यायमूर्ति सेवानिवृत्त जसपाल सिंह, न्यायमूर्ति सेवानिवृत्त गुरबीर सिंह, सेवानिवृत्त आईपीएस जतिंदर सिंह औलख और लॉ ऑफिसर प्रीत इंदर पाल सिंह शामिल हैं.

कमेटी कानून के प्रावधानों की समीक्षा के लिए श्री अकाल तख्त साहिब द्वारा गठित पैनल के साथ बातचीत और समन्वय की प्रक्रिया पर भी चर्चा करेगी. सरकार का कहना है कि इसका उद्देश्य सभी संबंधित सुझावों और दृष्टिकोणों पर उचित विचार करते हुए रचनात्मक और सार्थक बातचीत को आगे बढ़ाना है.

भगवंत मान ने कही थी कानून कमजोर न करने की बात

इससे पहले मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने उच्च स्तरीय कमेटी के साथ बैठक की थी. उस दौरान उन्होंने कहा था कि श्री अकाल तख्त साहिब के पैनल के साथ चर्चा करते समय कानून की मूल भावना से कोई समझौता नहीं होना चाहिए. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा था कि बेअदबी के मामलों में आजीवन कारावास और भारी जुर्माने जैसे प्रावधान कानून की मुख्य नींव हैं और इन्हें कमजोर नहीं किया जाना चाहिए.

मुख्यमंत्री ने कहा था कि कानून ने बार-बार होने वाली बेअदबी की घटनाओं से चिंतित सिख संगत को राहत दी है. अब 6 अक्टूबर की बैठक में कमेटी संबंधित पक्षों से विचार-विमर्श कर आगे की रणनीति पर चर्चा करेगी और कानून के प्रावधानों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी.

ये भी पढ़ें- शतायु बुजुर्गों का बढ़ा मान, UP में 3 शतायु और 4 वरिष्ठ अचीवर्स को मिला सम्मान, स्वास्थ्य से पेंशन तक सुविधाओं पर जोर

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button