Gangstran Te Vaar : राज्य में चलाए जा रहे अभियान ‘गैंगस्टरां ते वार’ के 252वें दिन पंजाब पुलिस ने आज पूरे राज्य में गैंगस्टरों के सहयोगियों के चिन्हित और मैप किए गए 594 ठिकानों पर छापेमारी की।
‘गैंगस्टरां ते वार- पंजाब को गैंगस्टर मुक्त राज्य बनाने के लिए निर्णायक लड़ाई’ अभियान पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव द्वारा 20 जनवरी, 2026 को शुरू किया गया था। एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब के समन्वय से सभी जिलों की पुलिस टीमें राज्यभर में विशेष अभियान चला रही हैं।
182 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई
अभियान के 252वें दिन पुलिस टीमों ने छह हथियारों सहित 249 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही अभियान शुरू होने से अब तक गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की कुल संख्या 74,734 हो गई है। इसके अतिरिक्त, पुलिस टीमों ने 182 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने चार भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया।
एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर जारी
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 के माध्यम से वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों के बारे में गुप्त रूप से सूचना दे सकते हैं। इसके अलावा अपराध तथा आपराधिक गतिविधियों से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी भी इस हेल्पलाइन के माध्यम से पुलिस तक पहुंचाई जा सकती है।
4 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद
इस बीच, पंजाब पुलिस ने नशों के खिलाफ अपनी मुहिम ‘युद्ध नशों विरूद्ध ’ को 577वें दिन भी जारी रखते हुए 110 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 10.2 किलोग्राम हेरोइन, 500 ग्राम अफीम, 4 किलोग्राम गांजा, 19 किलोग्राम भुक्की, 543 नशीली गोलियां तथा 4 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई।
नशा तस्करों की कुल संख्या हुई इतनी
पुलिस के अनुसार, इस अभियान के 577 दिनों के दौरान गिरफ्तार किए गए नशा तस्करों की कुल संख्या 80,763 तक पहुंच गई है। नशा मुक्ति अभियान के तहत पंजाब पुलिस ने आज 22 व्यक्तियों को नशा मुक्ति एवं पुनर्वास उपचार करवाने के लिए प्रेरित किया, ताकि उन्हें नशे की लत से बाहर निकालकर सामान्य जीवन की ओर लौटने में सहायता मिल सके।
ये भी पढ़ें- पंजाब में बड़ी कार्रवाई, अमरूदों के बाग से पकड़े गए तस्कर, 2 AK-47 समेत 10 किलो हेरोइन बरामद
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









