Punjabराज्य

पंजाब में बिजली कर्मचारियों की मांगों पर बैठक, वेतन विसंगति से नौकरी बहाली तक मुद्दों पर चर्चा

Punjab News : चंडीगढ़ में पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (PSPCL) के कर्मचारियों और ठेका कर्मचारी यूनियनों की मांगों को लेकर उच्च स्तरीय बैठक हुई. कर्मचारियों के मामलों के समाधान के लिए गठित मंत्रिमंडल सब-कमेटी के चेयरमैन और पंजाब के वित्त मंत्री एडवोकेट हरपाल सिंह चीमा ने अलग-अलग कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की. इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगें और समस्याएं सामने रखीं.

बैठक में PSPCL के चेयरमैन-कम-मैनेजिंग डायरेक्टर गुरकीरत कृपाल सिंह समेत वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. वित्त मंत्री ने यूनियन प्रतिनिधियों की मांगें सुनीं और प्रबंधन को निर्देश दिया कि आगामी निदेशक मंडल की बैठक में जायज मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए.

वेतन से लेकर नौकरी बहाली तक उठीं मांगें

यूनियनों ने सहायक अभियंताओं के वेतनमान में विसंगतियां दूर करने की मांग रखी. इसके अलावा एनसीसी, सीआरसी, स्टोर, लैब और बिलिंग से जुड़े आउटसोर्स कर्मचारियों को सीधे विभागीय ठेके के अधीन लाने का मुद्दा भी उठाया गया.

प्रशिक्षित डिप्लोमा और डिग्री अप्रेंटिसों को स्थायी रोजगार के अवसर देने और नौकरी से हटाए गए मीटर रीडरों को दोबारा बहाल करने की मांग भी प्रतिनिधियों ने रखी. मीटर रीडरों की सेवा शर्तों और भत्तों को तय करने का मुद्दा भी बैठक में शामिल रहा.

जायज मांगों पर जल्द समाधान का भरोसा

वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि कर्मचारियों से जुड़े प्रशासनिक, ढांचागत और वित्तीय मामलों के साथ जायज मांगों का योजनाबद्ध तरीके से समाधान किया जाएगा, उन्होंने कहा कि अनावश्यक देरी के बिना मामलों को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं.

चीमा ने यूनियन प्रतिनिधियों को भरोसा दिलाया कि उनकी अधिकांश मांगें पहले से ही विचाराधीन हैं. बैठक में पीएसईबी इंजीनियर्स एसोसिएशन, पावरकॉम एवं ट्रांसको ठेका कर्मचारी यूनियन, आउटसोर्स कर्मचारी महासंघ, अखिल डिप्लोमा डिग्री अप्रेंटिसशिप एसोसिएशन और पावरकॉम मीटर रीडर यूनियन के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया.

ये भी पढ़ें – कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक ने रईया मंडी में धान खरीद प्रबंधों का लिया जायजा

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button