Uttar Pradesh

UP चुनाव से पहले राजभर की सुभासपा को लग सकता है झटका? विधायक टूटने के मिले संकेत

UP Politics : राज्यसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश की सियासत में एक मुलाकात ने नई चर्चाओं को हवा दे दी है. सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के विधायक और मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी ने 1 अक्टूबर को लखनऊ में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की. यह मुलाकात जनेश्वर मिश्र ट्रस्ट स्थित सपा कार्यालय में हुई और करीब एक से डेढ़ घंटे तक चली. हालांकि, दोनों नेताओं के बीच क्या बातचीत हुई, इसका आधिकारिक एजेंडा सामने नहीं आया है.

अब्बास अंसारी की अखिलेश यादव से मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब राज्यसभा चुनाव को लेकर सपा अपने तीसरे उम्मीदवार के लिए जरूरी संख्या जुटाने की कोशिश में है. एक सीट जीतने के लिए 37 प्रथम वरीयता वोट की जरूरत बताई जा रही है. ऐसे में सहयोगी दलों के विधायकों की भूमिका काफी अहम हो जाती है.

औपचारिक टूट की घोषणा नहीं

सुभासपा के विधानसभा में 6 विधायक हैं. इनमें ओम प्रकाश राजभर, अब्बास अंसारी, हंसु राम, दूधराम, बेदीराम और जगदीश नारायण शामिल हैं. अब अब्बास की अखिलेश से मुलाकात के बाद सुभासपा के अंदर संभावित राजनीतिक खिसकाव को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.

मौजूदा दावों के मुताबिक ओम प्रकाश राजभर और बेदीराम को छोड़कर सुभासपा के बाकी 4 विधायक अब्बास अंसारी, हंसु राम, दूधराम और जगदीश नारायण सपा के करीब बताए जा रहे हैं. हालांकि, अभी इसे औपचारिक टूट नहीं माना जा सकता है और न ही इन विधायकों के सपा में जाने की आधिकारिक घोषणा हुई है.

RLD के दो मुस्लिम विधायक भी चर्चा में

सिर्फ सुभासपा ही नहीं, राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के दो मुस्लिम विधायक भी इस पूरे घटनाक्रम में चर्चा में हैं. सिवालखास से विधायक गुलाम मोहम्मद और थानाभवन से विधायक अशरफ अली खान को लेकर भी सपा के साथ जाने या राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के दावे सामने आए हैं.

अगर इन दावों में कोई राजनीतिक बदलाव होता है तो राज्यसभा चुनाव में इसका असर देखने को मिल सकता है. यही वजह है कि अब्बास की अखिलेश से मुलाकात को सिर्फ एक विधायक की मुलाकात के तौर पर नहीं देखा जा रहा है.

अखिलेश के बयान से भी मिले संकेत

अब्बास से मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने भी कहा कि कुछ लोग वापस आना चाहते हैं और कुछ जगहों पर असंतोष है. हालांकि उन्होंने अब्बास अंसारी को लेकर कोई स्पष्ट राजनीतिक घोषणा नहीं की.

अब्बास की अखिलेश से मुलाकात ने कई राजनीतिक संकेत जरूर दिए हैं. एक तरफ सुभासपा के चार विधायकों के सपा के करीब होने के दावे हैं, तो दूसरी तरफ RLD के दोनों मुस्लिम विधायकों को लेकर भी चर्चाएं चल रही हैं. अब देखना यह होगा कि राज्यसभा चुनाव के दौरान ये चर्चाएं सिर्फ दावों तक रहती हैं या फिर विधानसभा में इसका असर भी दिखाई देता है.

ये भी पढ़ें- शतायु बुजुर्गों का बढ़ा मान, UP में 3 शतायु और 4 वरिष्ठ अचीवर्स को मिला सम्मान, स्वास्थ्य से पेंशन तक सुविधाओं पर जोर

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button