Delhi NCR Weather : दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत के कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है. बारिश का दौर थमने के साथ आसमान साफ हो गया है और सुबह-शाम हल्की ठंडक महसूस होने लगी है. मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली-NCR से मानसून की पूरी तरह विदाई हो चुकी है. इसके बाद अब मौसम के शुष्क रहने का सिलसिला शुरू हो गया है.
3 अक्टूबर को दिल्ली में दिनभर मौसम साफ रहने और धूप निकलने का अनुमान है. दिल्ली-NCR में आज बारिश या बूंदाबांदी की कोई संभावना नहीं है. पूरा क्षेत्र ग्रीन जोन में बना हुआ है. हालांकि दिन के दौरान हवाएं चलती रहेंगी, जिससे मौसम में गर्मी का असर कम महसूस होगा.
20-22 किलोमीटर की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
आज दिन में हवाओं की रफ्तार करीब 20 से 22 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है. शाम और रात के समय पश्चिम दिशा से चलने वाली हवाओं की गति घटकर करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है. बारिश रुकने और हवाओं के चलते सुबह और रात में मौसम अपेक्षाकृत ठंडा महसूस होगा.
36 डिग्री रहेगा अधिकतम तापमान
दिल्ली में आज अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. बीते दिनों हुई बारिश के बाद तापमान में गिरावट से सुबह और रात की ठंडक बढ़ी है.
मौसम विभाग के मुताबिक 3 से 5 अक्टूबर तक दिल्ली-NCR में मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. इस दौरान आसमान साफ रहेगा और धूप निकलती रहेगी. आंधी या बारिश के भी कोई खास आसार नहीं हैं.
ये भी पढ़ें – एशियन गेम्स 2026: भारतीय महिला हॉकी टीम ने रचा इतिहास, 44 साल बाद जीता स्वर्ण पदक
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









