West Asia Tensions : पश्चिम एशिया में एक बार फिर तनाव बढ़ता नजर आ रहा है. अमेरिका ने क्षेत्र में मौजूद अपने नागरिकों के लिए सुरक्षा अलर्ट जारी किया है और हालात तेजी से बिगड़ने की आशंका जताई है. यह चेतावनी ऐसे समय आई है, जब सऊदी अरब को निशाना बनाकर हूती विद्रोहियों की ओर से मिसाइल और ड्रोन हमलों की खबरें सामने आई हैं.
वहीं, ईरान ने दावा किया है कि अमेरिका उसके खिलाफ दोबारा सैन्य कार्रवाई की तैयारी कर रहा है. संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक से पहले वाशिंगटन के अगले कदम को लेकर भी अनिश्चितता बनी हुई है.
नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी
ईरान स्थित अमेरिकी वर्चुअल दूतावास ने सोमवार को सुरक्षा अलर्ट जारी किया. इसमें अमेरिकी नागरिकों को ईरान की यात्रा नहीं करने की सलाह दी गई है. साथ ही, जो अमेरिकी नागरिक पहले से ईरान में मौजूद हैं, उन्हें देश छोड़ने पर विचार करने को कहा गया है.
अमेरिका ने अपने दूसरे अलर्ट में कहा कि मध्य पूर्व में सुरक्षा स्थिति जटिल बनी हुई है और किसी भी समय हालात खराब हो सकते हैं. नागरिकों को उड़ान रद्द होने, हवाई क्षेत्र बंद होने और यात्रा में परेशानी जैसी संभावित स्थितियों के लिए तैयार रहने को कहा गया है.
ट्रंप के बयान के बाद बढ़ीं अटकलें
इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को कैंप डेविड में अपनी छुट्टियां अचानक खत्म कर दीं. हालांकि, इसकी आधिकारिक वजह सामने नहीं आई है.
ट्रंप ने मीडिया से बातचीत में कहा कि आने वाले समय में “बहुत बड़ी चीजें” हो सकती हैं, उन्होंने ईरान को लेकर तीन विकल्पों का जिक्र किया- ईरान को पूरी तरह खत्म करना, उसकी अर्थव्यवस्था को कमजोर होने देना या फिर समझौते का रास्ता अपनाना.
हूती हमलों से बढ़ा पश्चिम एशिया में तनाव
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने भी अमेरिका को चेतावनी दी है. IRGC ने कहा कि अगर अमेरिका ने हमला किया तो क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी ठिकानों और हितों को लगातार जवाबी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है.
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के पीछे यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के हमले भी एक बड़ी वजह बताए जा रहे हैं. शनिवार को हूतियों ने सऊदी अरब की राजधानी रियाद को निशाना बनाया.
जानकारी के मुताबिक, जून में सऊदी अरब और हूती विद्रोहियों के बीच संघर्षविराम खत्म होने के बाद रियाद में सऊदी कंपनी अरामको की तेल सुविधाओं को निशाना बनाकर यह पहला बड़ा हमला बताया जा रहा है. इन घटनाओं के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









