Rajasthanराष्ट्रीय

IAF का 17 दिन का युद्धाभ्यास, सीमा पर बढ़ी हलचल, पाकिस्तान ने बुलाई इमरजेंसी मीटिंग

भारतीय वायुसेना सितंबर-अक्टूबर में राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में 17 दिनों का बड़ा युद्धाभ्यास करने जा रही है। जैसलमेर, बाड़मेर, फलोदी और जोधपुर सेक्टर में होने वाले इस अभ्यास के लिए हवाई क्षेत्र आरक्षित किया गया है। NOTAM जारी होने के बाद पाकिस्तान ने सीमा पर निगरानी बढ़ा दी है और रक्षा अधिकारियों की बैठक बुलाई है।

IAF Air Exercise : भारतीय वायुसेना अपनी सैन्य क्षमता और ऑपरेशनल तैयारियों को परखने के लिए बड़ा युद्धाभ्यास करने जा रही है। यह अभ्यास 21 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलेगा। इसके लिए राजस्थान के जैसलमेर, बाड़मेर, फलोदी और जोधपुर सेक्टर के हवाई क्षेत्र को निर्धारित किया गया है। इसके अलावा नाल-बीकानेर के आसपास के एयर स्पेस को भी कुछ समय के लिए प्रतिबंधित किया गया है।

NOTAM जारी होने के बाद बढ़ी हलचल

वायुसेना की ओर से जारी NOTAM (Notice to Airmen) के बाद सीमावर्ती इलाकों में गतिविधियां बढ़ गई हैं। इस नोटिस के जरिए हवाई क्षेत्र में होने वाली सैन्य गतिविधियों की जानकारी दी जाती है, ताकि नागरिक और सैन्य विमानों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

रिपोर्ट्स के अनुसार, इस युद्धाभ्यास को लेकर पाकिस्तान ने भारत-पाकिस्तान सीमा पर निगरानी बढ़ा दी है। साथ ही वहां के रक्षा अधिकारियों की एक आपात बैठक भी बुलाई गई है।

40 हजार फीट तक रहेगा अभ्यास क्षेत्र

जानकारी के मुताबिक, भारतीय वायुसेना के अभ्यास के लिए आरक्षित हवाई क्षेत्र करीब 40 हजार फीट की ऊंचाई तक फैला होगा। इस दौरान वायुसेना के आधुनिक लड़ाकू विमान और अन्य सैन्य संसाधन अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन करेंगे।

इस अभ्यास का उद्देश्य युद्ध जैसी परिस्थितियों में वायुसेना की तैयारी, ऑपरेशन क्षमता, तैनाती प्रक्रिया और अलग-अलग यूनिटों के बीच तालमेल को मजबूत करना है।

तरंग शक्ति 2026 से जुड़ सकता है अभ्यास

संभावना जताई जा रही है कि जोधपुर में 26 सितंबर से 12 अक्टूबर तक प्रस्तावित बहुराष्ट्रीय वायु अभ्यास ‘तरंग शक्ति 2026’ के साथ भी इसकी गतिविधियां जुड़ सकती हैं। तरंग शक्ति जैसे अभ्यासों में कई देशों की वायु सेनाएं हिस्सा लेकर संयुक्त हवाई ऑपरेशन का अभ्यास करती हैं।

क्या होता है NOTAM?

NOTAM यानी ‘नोटिस टू एयरमैन’ एक आधिकारिक सूचना होती है, जिसे हवाई क्षेत्र में किसी विशेष गतिविधि की जानकारी देने के लिए जारी किया जाता है। सैन्य अभ्यास, मिसाइल परीक्षण, रॉकेट लॉन्च या अन्य रणनीतिक गतिविधियों के दौरान इसे जारी किया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना होता है कि तय समय और क्षेत्र में विमान संचालन सुरक्षित तरीके से किया जा सके।

ये भी पढ़ें- ‘मिर्जापुर द मूवी’ रिलीज होते ही छाई, फैंस ने एक्शन और किरदारों की जमकर की तारीफ

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button