Uttar Pradesh

ऑटो से आया मानस, बैंक के बाहर दिव्या को मारी गोली, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

Lucknow Crime : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गुरुवार को एक सनसनीखेज वारदात ने लोगों को दहला दिया. गोमती नगर इलाके में एक बैंक कर्मचारी ने पहले अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या की और बाद में अपनी बहन को भी मौत के घाट उतार दिया. इसके बाद आरोपी ने खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

घटना गुरुवार दोपहर करीब 12:15 बजे गोमती नगर स्थित ICICI बैंक की एक ब्रांच के बाहर हुई. मृतका की पहचान 37 वर्षीय दिव्या मिश्रा के रूप में हुई है. वह बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर काम करती थीं.

पुलिस के मुताबिक, दिव्या अपनी कार में थीं. इसी दौरान उनके पति मानस बाजपेयी ने उन्हें बाहर बुलाया और गोली मार दी. इसके बाद वह मौके से फरार हो गया. बताया जा रहा है कि मानस एक ऑटो रिक्शा में इंतजार कर रहा था.

CCTV में दिखा विवाद

घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है. इसमें मानस और दिव्या के बीच विवाद होता दिखाई दे रहा है. बैंक कर्मचारियों को जब विवाद की जानकारी हुई तो वे बाहर आए, लेकिन गोली चलने के बाद सभी वापस बैंक के अंदर भाग गए. आरोपी के भागने के बाद कर्मचारियों ने दिव्या की मदद की और उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

चश्मदीदों के मुताबिक, मानस बिना नंबर प्लेट वाले ऑटो से आया था और उसके पास दो पिस्टल थीं. गोली चलाने के बाद उसने बैंक कर्मचारियों की ओर भी हथियार तान दिया था.

पहले से था विवाद

पुलिस के अनुसार, मानस और दिव्या के बीच पिछले कुछ समय से वैवाहिक विवाद चल रहा था. बताया गया है कि दोनों करीब डेढ़ साल से अलग रह रहे थे. सूत्रों के मुताबिक, दिव्या ने अपने साथियों को बताया था कि कुछ दिन पहले मानस ने उसका पीछा किया था और उसे डर था कि वह उसे नुकसान पहुंचा सकता है. हालांकि, इस संबंध में पुलिस शिकायत नहीं की गई थी.

WhatsApp स्टेटस में लिखा था खूनी इरादा

दिव्या की हत्या के बाद मानस अपने घर पहुंचा. आरोप है कि उसने WhatsApp स्टेटस के जरिए पत्नी की हत्या की जानकारी दी और उस पर धोखा देने का आरोप लगाया. स्टेटस में उसने अपनी बहन की हत्या करने और खुदकुशी करने की बात भी लिखी थी.

इसके बाद उसने अपनी बहन की हत्या कर खुद को भी गोली मार ली. पड़ोसी के मुताबिक, दरवाजा तोड़कर अंदर जाने पर दोनों भाई-बहन बेड पर पड़े मिले. मानस के सीने पर पिस्टल पड़ी थी और कमरे में तेज आवाज में हनुमान चालीसा चल रही थी.

पुलिस अब CCTV फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें- दिल्ली में पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर चला बुलडोजर, अवैध ढांचे हटाए गए, जानिए क्या है पूरा मामला

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button