Varanasi Airport Firing : वाराणसी एयरपोर्ट परिसर में रविवार सुबह अचानक गोली चलने से हड़कंप मच गया. हादसे में दो ग्राउंड स्टाफ घायल हो गए. शुरुआती जांच के बाद अब सामने आया है कि गोली किसी हमले के दौरान नहीं, बल्कि लाइसेंसी पिस्टल की जांच के दौरान गलती से चली थी.
आजमगढ़ निवासी कमलेश राय एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट से महाराष्ट्र जाने के लिए वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचे थे. उनके पास ऑल इंडिया परमिट वाला लाइसेंस और लाइसेंसी पिस्टल थी. एयरपोर्ट पर तय प्रक्रिया के तहत उनके हथियार, एम्युनिशन और दस्तावेजों की जांच की जा रही थी.
जांच के दौरान अचानक चली गोली
एयरपोर्ट परिसर में कर्मचारी सुमन कुमारी ने यात्री कमलेश राय की स्कैनिंग की. इसके बाद एम्युनिशन और दस्तावेजों की जांच की गई. जांच पूरी होने के बाद जब कमलेश राय आगे बढ़ रहे थे, उसी दौरान उनकी पिस्टल की जांच की जा रही थी.
यात्री ने बताया था कि पिस्टल लोडेड नहीं है, लेकिन जांच में हथियार लोडेड पाया गया. इसी दौरान अचानक फायरिंग हो गई. गोली लगने से दो ग्राउंड स्टाफ घायल हो गए.
CISF और एयरलाइन स्टाफ कर रहा था चेकिंग
घटना की जानकारी मिलते ही एयरपोर्ट के नजदीकी फूलपुर थाने की पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंच गए. जांच में सामने आया कि CISF और एयरलाइन स्टाफ की फिजिकल चेकिंग के दौरान दुर्घटनावश फायरिंग हुई थी.
दोनों घायलों को तत्काल वाराणसी के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है. पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है और घटना में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है.
ये भी पढ़ें- चंडीगढ़ में सिख बंदियों की रिहाई को लेकर प्रदर्शन, पुलिस से झड़प, वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








