Kisan Protest : हरियाणा के जींद में किसानों के दिल्ली कूच के ऐलान के बाद प्रशासन ने देर रात हरियाणा-पंजाब के खनौरी बॉर्डर को सील कर दिया. रविवार 16 अगस्त को किसानों के दिल्ली की ओर बढ़ने के कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं.
किसानों को दिल्ली जाने से रोकने के लिए बॉर्डर पर 5 लेयर की बैरिकेडिंग की गई है. इसके साथ ही भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है. दिल्ली जाने वाली सड़क को भी सील कर दिया गया है.
16 अगस्त से शुरू होगी किसान बचाओ पदयात्रा
किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने ऐलान किया था कि संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) की ओर से भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में 16 अगस्त से 228 किलोमीटर लंबी ‘किसान बचाओ पदयात्रा’ शुरू की जाएगी.
यह पदयात्रा 16 अगस्त को दातासिंहवाला से शुरू होकर 29 अगस्त को दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंचेगी. किसानों के दिल्ली कूच को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. इस पैदल यात्रा में 51 मुख्य किसानों के अलावा करीब 200 अन्य किसानों के शामिल होने की बात कही गई है.
जींद में किसानों और पुलिस के बीच झड़प
शनिवार 15 अगस्त को जींद में किसानों और पुलिस के बीच झड़प भी हुई. किसान भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं. किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल के नेतृत्व में गैर-एसकेएम किसान संगठन पैदल यात्रा की तैयारी में जुटे हैं. दिल्ली कूच के ऐलान के बाद पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर नाकेबंदी शुरू कर दी है और बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है.
रोकने पर अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी
किसानों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर उन्हें दिल्ली कूच करने और पैदल यात्रा से रोकने की कोशिश की गई तो वे वहीं अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू कर देंगे. फिलहाल खनौरी बॉर्डर पर 5 लेयर की बैरिकेडिंग और भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच प्रशासन किसानों के अगले कदम पर नजर बनाए हुए है.
ये भी पढ़ें- चंडीगढ़ में सिख बंदियों की रिहाई को लेकर प्रदर्शन, पुलिस से झड़प, वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








