Punjabराज्य

शहीद मास्टर करनैल सिंह ईसड़ू को श्रद्धांजलि, पंजाब के मंत्रियों ने शहीदी दिवस पर किया नमन

Punjab News : पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा और तरुनप्रीत सिंह सौंद ने शनिवार को शहीद मास्टर करनैल सिंह ईसड़ू के पैतृक गांव ईसड़ू में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह के दौरान उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. यह समारोह शहीद करनैल सिंह ईसड़ू के शहीदी दिवस को समर्पित था. शहीद करनैल सिंह ईसड़ू ने पुर्तगाली शासन से गोवा को आजाद करवाने के अभियान के दौरान अपने प्राणों की आहुति दी थी.

मंत्रियों ने शहीद करनैल सिंह ईसड़ू की प्रतिमा पर फूल मालाएं अर्पित कीं. इस दौरान उन्होंने शहीद मास्टर करनैल सिंह ईसड़ू की भतीजियों जसविंदर कौर और नरिंदर कौर को भी सम्मानित किया.

कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने शहीद मास्टर करनैल सिंह ईसड़ू को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि पंजाबियों ने हमेशा देश की एकता, अखंडता और अमन-शांति के लिए कुर्बानियां दी हैं, उन्होंने कहा कि शहीद करनैल सिंह ईसड़ू ने गोवा की आजादी के लिए महत्वपूर्ण योगदान देकर पंजाब की बहादुरी और देशभक्ति की मिसाल कायम की.

भगवंत मान सरकार की उपलब्धियां गिनाईं

मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि वर्ष 2022 में पंजाब के लोगों ने आम आदमी पार्टी को ऐतिहासिक जनादेश दिया और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में सरकार बनी, उन्होंने बताया कि सरकार ने लोगों से किए गए पांच गारंटियों को लागू किया है.

उन्होंने कहा कि 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली मिलने के कारण करीब 90 फीसदी घरों के बिजली बिल शून्य आ रहे हैं. स्कूल ऑफ एमिनेंस, अध्यापकों की अंतरराष्ट्रीय स्तर की ट्रेनिंग और सरकारी स्कूलों के शानदार परिणाम शिक्षा क्षेत्र में हुए बदलाव का प्रमाण हैं. उन्होंने कहा कि भगवंत सिंह मान सरकार ने शहीदों के परिवारों के लिए एक करोड़ रुपये की सम्मान राशि, स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत मुफ्त इलाज, सड़कों का विकास, खेल स्टेडियम और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाए हैं, उन्होंने दावा किया कि सरकार ने 70 हजार सरकारी नौकरियां दी हैं.

चीमा ने कहा कि पंजाब सरकार नशों और गैंगस्टरवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है और युवाओं को खेलों तथा रोजगार से जोड़ने के लिए काम कर रही है.

युवाओं से शहीदों से प्रेरणा लेने की अपील

कैबिनेट मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद ने कहा कि सिख गुरुओं, विशेष रूप से श्री गुरु अर्जुन देव जी और गुरु तेग बहादुर जी से मिली बलिदान की विरासत पंजाबियों को हमेशा मानवता और सच्चाई के लिए खड़े होने की प्रेरणा देती रही है, उन्होंने कहा कि इसी जज्बे ने भारत के स्वतंत्रता संग्राम में पंजाब के महत्वपूर्ण योगदान को मजबूती दी.

उन्होंने शहीद भगत सिंह, शहीद ऊधम सिंह, करतार सिंह सराभा, लाला लाजपत राय और शहीद करनैल सिंह ईसड़ू की कुर्बानियों को याद करते हुए युवाओं से उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया.

शिक्षा और कृषि में महत्वपूर्ण पहल

सौंद ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली ‘आप’ सरकार ने स्वास्थ्य, शिक्षा और कृषि क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण पहल की हैं. आम आदमी क्लीनिक, स्कूल ऑफ एमिनेंस, 10 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा और खेतों तक नहरी पानी पहुंचाने के कार्य इसी दिशा में बड़े कदम है, उन्होंने नशों के खिलाफ सरकार के सख्त अभियान का भी उल्लेख किया.

गांव के विकास के लिए 2.17 करोड़ रुपये की ग्रांट

सौंद ने बताया कि गांव ईसड़ू के सर्वांगीण विकास के लिए अब तक 2 करोड़ 17 लाख रुपये की ग्रांट जारी की गई है. इस राशि से खेल मैदान, आंगनवाड़ी सेंटर, ग्रामीण लाइब्रेरी, छप्पड़ों की सफाई, पंचायत घर और एससी धर्मशाला सहित अन्य विकास कार्य करवाए जा रहे हैं.

उन्होंने भरोसा दिया कि शहीद करनैल सिंह ईसड़ू के पैतृक गांव के विकास के लिए फंड की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

शहीद करनैल सिंह ईसड़ू को श्रद्धांजलि

इस अवसर पर पंजाब जैनको लिमिटेड के चेयरमैन नवजोत सिंह जरग, जिला परिषद लुधियाना के चेयरमैन जगरूप सिंह सेह, मार्केट कमेटी दोराहा के चेयरमैन और जिला प्रधान ग्रामीण गुरदर्शन सिंह कूहली, ब्लॉक समिति खन्ना के चेयरमैन लखवीर सिंह गिल, नगर कौंसिल खन्ना के प्रधान जतिंदर पाठक, जिला परिषद सदस्य मास्टर अवतार सिंह दैहड़ू, वरिष्ठ पुलिस कप्तान (एसएसपी) खन्ना डॉ. दर्पण आहलूवालिया, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (एडीसी) खन्ना जसनप्रीत कौर गिल, उप मंडल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) खन्ना स्वाति टिवाणा, कार्य साधक अधिकारी चरणजीत सिंह, नायब तहसीलदार गुरचरण सिंह, बीडीपीओ खन्ना सतविंदर सिंह कंग, सरपंच जतिंदरजोत सिंह ईसड़ू समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और आम आदमी पार्टी के बड़ी संख्या में नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे.

ये भी पढ़ें- चंडीगढ़ में सिख बंदियों की रिहाई को लेकर प्रदर्शन, पुलिस से झड़प, वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button