Abaan Car Accident : उत्तर प्रदेश के झांसी में हुए सड़क हादसे का एक वीडियो सामने आने के बाद मामला फिर चर्चा में है. वीडियो में एक तेज रफ्तार कार अचानक डिवाइडर से टकराती है और जोरदार झटके के साथ हवा में उछलकर सड़क पर पलट जाती है. दावा किया जा रहा है कि यह वही कार है, जिसमें अतीक अहमद का बेटा आबान अहमद 6 अगस्त को प्रयागराज से झांसी जा रहा था. हादसे में आबान और उसके दोस्त सोनू की मौत हुई थी, जबकि तीन लोग घायल हुए थे.
वायरल वीडियो में सड़क पर सामान्य यातायात दिखाई देता है. एक कार आगे बढ़ रही होती है, तभी वह अचानक सड़क से नीचे उतरती है और डिवाइडर से जा टकराती है. टक्कर इतनी तेज होती है कि कार का संतुलन बिगड़ जाता है और वह हवा में उछलकर पलट जाती है.
वायरल हो रहे इस वीडियो को बताया जा रहा है कि पीछे चल रही एक कार के कैमरे में रिकॉर्ड हुआ था. हादसा महज कुछ ही सेकंड में हो गया. वीडियो सामने आने के बाद दुर्घटना के वक्त के हालात को लेकर लोगों में चर्चा तेज हो गई है.
6 अगस्त को हुआ था हादसा
यह दुर्घटना झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र में हाईवे पर 6 अगस्त को हुई थी. आबान अहमद प्रयागराज से झांसी जा रहा था. बताया गया कि उसका भाई अली अहमद झांसी जेल में बंद था और आबान उससे मिलने के लिए जा रहा था. इसी दौरान कार हादसे का शिकार हो गई.
पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. हादसे में आबान और सोनू की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हुए थे. पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है. वीडियो सामने आने के बाद हादसे के समय कार की गति और डिवाइडर से टकराने की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है.
अंतिम संस्कार में शामिल हुए दोनों भाई
आपको बता दें कि आबान की मौत के बाद उसके बड़े भाइयों उमर अहमद और अली अहमद को अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पैरोल मिली थी. दोनों अलग-अलग जेलों में बंद थे. अदालत ने पुलिस सुरक्षा में उन्हें अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति दी थी.
आबान को उसके पिता अतीक अहमद की कब्र के पास दफन किया गया. अंतिम संस्कार के दौरान उमर और अली भावुक नजर आए थे.
ये भी पढ़ें – शिमला-बिलासपुर हाईवे पर कार पर गिरी भारी चट्टान, 1 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









