राजनीति

साइकिल घोटाले पर मंत्री आशीष सूद का इस्तीफा मांगने साइकिल से विधानसभा पहुंचे ‘‘AAP” नेता

Delhi Bicycle Scam : आम आदमी पार्टी के नेता दिल्ली में हुए साइकिल घोटाले पर शिक्षा मंत्री आशीष सूद का इस्तीफा मांगने साइकिल से विधानसभा पहुंचे। भाजपा सरकार ने जो साइकिल 6957 रुपए में खरीदी थी, ‘‘आप’’ विधायक वहीं साइकिल 4200 रुपए में खरीद कर विधानसभा पहुंचे गए। ‘‘आप’’ के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने साइकिल से विधानसभा के लिए निकले विधायकों का नेतृत्व किया। इस दौरान विधायकों ने ‘साइकिल चोर कहां मिलेंगे, रेखा गुप्ता की सरकार में’ के जमकर नारे भी लगाए। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि स्कूली छात्राओं में बांटी गई साइकिलों में आशीष सूद के विभाग ने 90 करोड़ रुपए का घोटाला किया। हमने जो साइकिलें खरीदी हैं और सरकार ने छात्राओं को साइकिलें दी हैं, दोनों ही बोनफायर मॉडल की है, लेकिन सरकार उस पर स्काइलर लिखकर दे रही है।

साइकिल की कीमत और मॉडल को लेकर सौरभ भारद्वाज का दावा

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि ये हीरो कंपनी की साइकिल हैं और बिल्कुल वैसी ही साइकिल हैं, जैसी दिल्ली सरकार के शिक्षा मंत्री आशीष सूद का विभाग स्कूल की लड़कियों को बांट रहा है। इन दोनों साइकिलों में सिर्फ दो ही फर्क हैं। पहला फर्क कीमत का है। हमने इन्हें एक रिटेलर से 4200 रुपए प्रति साइकिल खरीदा है, जबकि दिल्ली सरकार ने 1 लाख 30 हजार साइकिलें खरीदी हैं और प्रत्येक साइकिल के लिए 6957 रुपए दिए हैं। यानी दिल्ली सरकार ने एक साइकिल लगभग 3000 रुपए महंगी खरीदी है। दूसरा फर्क साइकिल के मॉडल का है। हमने जो साइकिल खरीदी हैं, उन पर बोनफायर मॉडल लिखा है। दिल्ली सरकार जो साइकिल दे रही है, वह भी बोनफायर ही है, बस उस पर स्काइलर लिखकर दिया जा रहा है।

एक साइकिल पर 3000 रुपए कमीशन खाने का लगाया आरोप

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि हमने यह साइकिल 4200 रुपए में खरीदी है और दिल्ली सरकार ने बिल्कुल इसी तरह की साइकिल लगभग 7000 रुपए में खरीदी है। अगर एक साइकिल में 3000 रुपए का कमीशन खाया जा रहा है, तो सोचा जा सकता है कि यह कितनी बड़ी लूट होगी। आज हम यह साइकिल लेकर दिल्ली विधानसभा जा रहे हैं। वहां पर दिल्ली सरकार वे साइकिलें भी लाई है जो लड़कियों को बांटी जा रही हैं। दोनों साइकिलों का आसानी से मिलान किया जा सकता है।

संजीव झा ने टेंडर प्रक्रिया पर उठाए सवाल

इस दौरान बुराड़ी से विधायक संजीव झा ने कहा कि हम सदन में भाजपा सरकार के एक और घोटाले यानी साइकिल घोटाले का पर्दाफाश करने आए हैं। जो साइकिल मैं बाजार से 4000 रुपए में लाया हूं, उसका टेंडर 7000 रुपए में दिखाकर 1 लाख 30 हजार साइकिलें खरीदी गई हैं। हैरत की बात यह है कि टेंडर प्रक्रिया में हीरो साइकिल कंपनी भी शामिल थी, लेकिन उसे टेंडर नहीं मिला और एक व्यापारी को टेंडर मिल गया। अगर कोई व्यापारी निर्माता कंपनी से सस्ती साइकिल दे रहा है, तो यह साफ है कि इसमें मिलीभगत थी। मंत्री आशीष सूद और उनके मंत्रालय ने मिलकर 90 करोड़ रुपए गटक लिए हैं। भाजपा लगातार दवा, साइकिल, चावल और चंदे की चोरी कर रही हैं। यह चोरों की सरकार है और सारे चोर भाजपा के दफ्तर में ही मिलेंगे।

कुलदीप कुमार ने खरीद कीमत पर सरकार से मांगा जवाब

वहीं, कोंडली विधायक कुलदीप कुमार ने कहा कि आज हम उसी साइकिल से दिल्ली विधानसभा जा रहे हैं, जिसे हमने बाजार से 4000 रुपए में खरीदा है, जबकि भाजपा सरकार ने उसी साइकिल को 6957 रुपए में खरीदा है। यह सरकार पूरी तरह से धोखेबाज और भ्रष्ट सरकार है। उन्होंने एक्स पर कहा कि साइकिल चोर कहां मिलेंगे? रेखा गुप्ता की सरकार में। छात्राओं को बांटे जाने वाले साइकिलों की खरीद में भाजपा की रेखा गुप्ता सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ आज ‘‘आप’’ विधायक साइकिल से विधानसभा पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। दिल्ली की जनता का सिर्फ़ एक सवाल है, जब वही साइकिल 4,200 रुपए में मिल रही थी, तो 1.30 लाख साइकिलों की खरीद के लिए 6,957 रुपए प्रति साइकिल क्यों चुकाए गए। यानी करीब 3,000 रुपए प्रति साइकिल का घपला हुआ। आखिर ये पैसा किसकी जेब में गया?

जरनैल सिंह ने बच्चियों की साइकिल खरीद में घोटाले का लगाया आरोप

उधर, तिलक नगर विधायक जरनैल सिंह ने कहा कि जो साइकिल बाजार में आसानी से 4000 रुपए में मिल जाती है, वह साइकिल रेखा गुप्ता की सरकार में 7000 रुपए में खरीदी जाती है। भाजपाइयों के भ्रष्टाचार का लालच इतना बढ़ चुका है कि वे अब बच्चियों की साइकिल तक में घोटाले कर रहे हैं। सरकार ने 1 लाख 30 हजार साइकिलें 3000 रुपए महंगी खरीदी हैं। भाजपा की यह सरकार जो दवा, अस्पताल के बेड, बेडशीट और यहां तक कि कफन में भी घोटाले करती है, उसने अब बच्चियों की साइकिलों में भी घोटाला किया है। आज सदन के अंदर भाजपा की रेखा गुप्ता सरकार से जवाब मांगा जाएगा कि बच्चियों की साइकिलों में घोटाला क्यों किया गया? जितने पैसों का यह घोटाला किया गया है, उतने में 1 लाख साइकिलें और आ जातीं तथा 1 लाख अतिरिक्त बच्चियों को साइकिलें मिल सकती थीं, सरकार को इस पर शर्म आनी चाहिए।

ये भी पढ़ें – दो बच्चों को लेकर कुएं में कूदी मां, तीनों की मौत

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button