Punjab News : पंजाब में गैंगस्टरों और उनके नेटवर्क पर पुलिस का अभियान लगातार जारी है. ‘गैंगस्टरां ते वार’ मुहिम के 233वें दिन पंजाब पुलिस ने राज्यभर में एक साथ कार्रवाई करते हुए गैंगस्टरों के सहयोगियों से जुड़े 607 चिन्हित ठिकानों पर छापेमारी की. इस दौरान पुलिस ने सात हथियारों के साथ 307 लोगों को गिरफ्तार किया. अभियान शुरू होने के बाद अब तक गिरफ्तार किए गए लोगों की कुल संख्या 69,442 पहुंच गई है.
पुलिस के मुताबिक, छापेमारी के दौरान 245 लोगों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई भी की गई. इसके अलावा 15 भगोड़े अपराधियों को गिरफ्तार करने में पुलिस टीमों को सफलता मिली.
‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान
‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान पंजाब को गैंगस्टर मुक्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने 20 जनवरी 2026 को शुरू किया था. एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) के समन्वय से अलग-अलग जिलों की पुलिस टीमें लगातार अभियान चला रही हैं.
पुलिस ने आम लोगों से भी अपराधियों के बारे में जानकारी साझा करने की अपील की है. वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों के संबंध में सूचना देने के लिए एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 पर गुप्त रूप से जानकारी दी जा सकती है.
नशा तस्करों पर भी शिकंजा
पंजाब पुलिस ने नशे के खिलाफ चल रहे ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान के 558वें दिन भी कार्रवाई जारी रखी. अलग-अलग मामलों में 87 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया. इनके कब्जे से 1.4 किलोग्राम हेरोइन, 36,600 नशीली गोलियां और 1,900 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई.
पुलिस के अनुसार, इस अभियान के तहत अब तक गिरफ्तार किए गए नशा तस्करों की संख्या 77,646 हो गई है. वहीं, नशा मुक्ति अभियान के तहत छह लोगों को नशा मुक्ति और पुनर्वास उपचार के लिए प्रेरित किया गया.
ये भी पढ़ें- भारत के पास 190 परमाणु बम, 35 और बनाने की तैयारी, कुल संख्या 225 तक पहुंचेगी, FAS की रिपोर्ट में बड़ा खुलासा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









