Nanded Road Accident : महाराष्ट्र के नांदेड जिले में गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया. नांदेड-भोकर मार्ग पर वाकद गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक और पिकअप वाहन की आमने-सामने टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर सड़क किनारे जा गिरी. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई.
पुलिस इंस्पेक्टर जगदीश वंडरवार ने हादसे में आठ लोगों की मौत की पुष्टि की है. मृतकों में एक पति-पत्नी और दो सगे भाइयों के शामिल होने की जानकारी सामने आई है. हादसे में सात अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल भोकर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया. इनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गया. पिकअप में फंसे लोगों को निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी. दूसरी ओर, टक्कर से ट्रक का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका चालक केबिन में फंस गया. बचाव दल ने उसे भी बाहर निकालने का प्रयास किया.
अस्पताल पहुंचे अशोक चव्हाण
हादसे की जानकारी मिलने के बाद देर रात सांसद अशोक चव्हाण अस्पताल पहुंचे, उन्होंने भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना. साथ ही पुलिस और चिकित्सा अधिकारियों से हादसे की जानकारी लेते हुए घायलों के इलाज और उनकी स्थिति के बारे में भी जानकारी हासिल की.
हादसे के बाद कुछ समय तक सड़क पर यातायात प्रभावित रहा. पुलिस ने मौके की स्थिति संभालने के साथ जांच शुरू कर दी है.
पुलिस फिलहाल यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर किन परिस्थितियों में हुई. शुरुआती जानकारी में वाहनों की तेज रफ्तार को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है. हालांकि दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी. पुलिस घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर हादसे की पूरी परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है.
ये भी पढ़ें- भारत के पास 190 परमाणु बम, 35 और बनाने की तैयारी, कुल संख्या 225 तक पहुंचेगी, FAS की रिपोर्ट में बड़ा खुलासा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









