Maharashtra CM Statement : बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग के मामले में महाराष्ट्र सरकार ने सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को कहा कि मुंबई पुलिस को जांच के दौरान कुछ अहम सुराग मिले हैं और कुछ संदिग्धों की पहचान भी कर ली गई है, उन्होंने दावा किया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा. फडणवीस ने स्पष्ट किया कि इस वारदात के पीछे मौजूद लोगों को भी तलाशा जाएगा, चाहे वे महाराष्ट्र से बाहर हों या विदेश में बैठकर अपराधियों को निर्देश दे रहे हों.
मुख्यमंत्री ने इस घटना को गंभीर और निंदनीय बताते हुए कहा कि मुंबई पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है, उन्होंने बताया कि पुलिस को कुछ ऐसे सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है. दूसरे राज्यों में सक्रिय आरोपियों तक पहुंचने के लिए संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय किया जाएगा. विदेश में मौजूद संदिग्धों को ट्रैक करने के लिए केंद्र सरकार की मदद भी ली जाएगी. फडणवीस ने कहा कि अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा.
टाइगर श्रॉफ को दिया सुरक्षा का भरोसा
फायरिंग की घटना के बाद मुख्यमंत्री ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ से फोन पर बात कर उनका हाल जाना था, उन्होंने अभिनेता को भरोसा दिलाया कि सरकार उनके साथ है और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी. फडणवीस ने कहा कि अपराधी अंधेरे में रहकर हमले करने की कोशिश करते हैं, लेकिन उनकी योजनाओं को सफल नहीं होने दिया जाएगा.
विपक्ष के आरोपों पर भी दिया जवाब
वहीं, इस मामले को लेकर विपक्ष की ओर से उठाए गए सवालों पर मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों के कार्यकाल का जिक्र करते हुए पलटवार किया, उन्होंने मनसुख हिरेन हत्याकांड और उद्योगपतियों की सुरक्षा से जुड़े पुराने मामलों का उल्लेख किया. फडणवीस ने दावा किया कि मुंबई पुलिस पर जनता और फिल्म जगत का भरोसा कायम है, उन्होंने दोहराया कि टाइगर श्रॉफ पर हमले में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें- दिल्ली की रामलीला में जलेगा 30 फुट का कॉकरोच वाला पुतला, रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के साथ होगा दहन
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









