Other States

कुपवाड़ा में LoC के पास मुठभेड़, सेना ने 2 आतंकियों को किया ढेर

Kupwara Encounter : जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास शनिवार तड़के सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हुई. केरन सेक्टर के जुमागुंड इलाके में सुबह करीब 3:30 बजे शुरू हुई इस मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए. अधिकारियों के मुताबिक, इलाके में सुरक्षा बलों का तलाशी अभियान जारी है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि आतंकवादी सीमा पार से घुसपैठ करने की कोशिश कर रहे थे या नहीं.

अधिकारियों के अनुसार, उत्तरी कश्मीर के केरन सेक्टर में एलओसी के नजदीक तैनात जवानों ने कुछ संदिग्ध गतिविधियां देखीं. सतर्क जवानों ने संदिग्धों को चुनौती दी और उन्हें रोकने की कोशिश की. इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई. कार्रवाई में दो आतंकवादी मारे गए. सुरक्षा बल अब आसपास के क्षेत्र में तलाशी लेकर किसी अन्य संदिग्ध की मौजूदगी का पता लगाने में जुटे हैं.

उधमपुर में भी मारे गए थे दो पाकिस्तानी आतंकवादी

इससे पहले 17 सितंबर 2026 को जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सुरक्षा बलों ने एक अभियान के दौरान जैश-ए-मोहम्मद के दो पाकिस्तानी आतंकवादियों को मार गिराया था. जम्मू-कश्मीर पुलिस ने उनकी पहचान सद्दाम और मुस्तफा के रूप में की थी. इस अभियान के दौरान एक संदिग्ध को हिरासत में भी लिया गया था.

पुलिस के मुताबिक, मारे गए आतंकवादियों के पास से एक एके असॉल्ट राइफल और चार मैगजीन, एक एम4 कार्बाइन और तीन मैगजीन, एक ग्लॉक पिस्तौल और दो मैगजीन के अलावा चार ग्रेनेड बरामद किए गए थे.

सर्दियों से पहले एलओसी पर बढ़ती है सतर्कता

सर्दियों की शुरुआत से पहले नियंत्रण रेखा के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जाती है. भारी बर्फबारी के कारण पहाड़ी दर्रे बंद होने और रास्तों के दुर्गम होने से पहले घुसपैठ की कोशिशों की आशंका रहती है. इसे देखते हुए सेना सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी और गश्त बढ़ाती है तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखती है.

फिलहाल कुपवाड़ा के जुमागुंड इलाके में तलाशी अभियान जारी है. मुठभेड़ से जुड़ी अन्य जानकारियों का इंतजार किया जा रहा है.

ये भी पढ़ें- अभिजीत दीपके, नेहा बोरा को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया, तिरंगा रैली में जा रहे थे शामिल होने, 6 दिन में दूसरी बार कस्टडी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button