Uttar Pradesh

शिवा शर्मा हत्याकांड में पुलिस पर गिरी गाज, DCP हटाए गए, आरोपियों पर इनाम दोगुना

UP News : लखनऊ में कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड के 10 दिन बाद भी मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस महकमे में कार्रवाई तेज हो गई है. पुलिस कमिश्नर ने पहले हजरतगंज थाने के इंस्पेक्टर विक्रम सिंह को लाइन हाजिर किया और फिर देर रात डीसीपी मध्य विक्रांत वीर को भी जोन से हटाकर पुलिस मुख्यालय से संबद्ध कर दिया. वहीं, फरार मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश उर्फ तनवीर पर घोषित इनाम की राशि 25 हजार से बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दी गई है.

हत्याकांड के तीनों आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं. रविवार शाम श्रद्धा दुबे का एक समाचार एजेंसी को दिया गया इंटरव्यू वायरल हुआ, जिसके बाद उसके लखनऊ में होने की जानकारी सामने आई. इसके बावजूद उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी. इसी बीच पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठने लगे, जिसके बाद डीसीपी मध्य को हटाने का फैसला लिया गया.

नेपाल सीमा से पश्चिमी यूपी तक दबिश

आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें नेपाल सीमा से सटे जिलों और पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर रही हैं. फरार ड्राइवर दानिश की ओर से अदालत में सरेंडर के लिए अर्जी दाखिल किए जाने की जानकारी भी सामने आई है. पुलिस आरोपियों तक पहुंचने के लिए लगातार प्रयास कर रही है.

श्रद्धा दुबे के घर पर अदालत का नोटिस

इस बीच, श्रद्धा दुबे के लखनऊ स्थित घर पर सहारनपुर की अदालत का नोटिस चस्पा किया गया है. यह नोटिस एक कार को रिलीज कराने के लिए दाखिल अर्जी से जुड़ा है. न्यायालय अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वितीय, सहारनपुर में डॉ. प्रभात वर्मा ने कार छुड़ाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया है. मामला सहारनपुर साइबर क्राइम थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 83/2024 से संबंधित है. अदालत ने अर्जी पर सुनवाई के लिए 30 अक्टूबर 2026 की तारीख तय की है और संबंधित पक्ष को अपना पक्ष रखने के लिए उपस्थित होने को कहा है.

ये भी पढ़ें- दिल्ली की रामलीला में जलेगा 30 फुट का कॉकरोच वाला पुतला, रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के साथ होगा दहन

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button