UP News : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में लगाए गए एक पोस्टर ने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा छेड़ दी है. ‘भारत विरोधी दशानन रावण’ नाम से लगाए गए इन पोस्टरों में कई राजनीतिक नेताओं, कारोबारियों और अन्य चर्चित हस्तियों के चेहरों को रावण के दस सिरों के रूप में दिखाया गया है. पोस्टर लगाने की जिम्मेदारी सनातन रक्षा संगठन की ओर से ली गई है.
पोस्टर में पूर्व सांसद अतीक अहमद, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, अमेरिकी कारोबारी एलन मस्क, अमेरिकी सांसद इल्हान उमर, बांग्लादेश के मोहम्मद यूनुस, जॉर्ज सोरोस, वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण और मुख्तार अंसारी समेत दस चेहरे शामिल किए गए हैं.
संगठन ने लगाए भारत विरोधी गतिविधियों के आरोप
सनातन रक्षा संगठन का आरोप है कि पोस्टर में शामिल कुछ लोग भारत की राजनीतिक और सामाजिक व्यवस्था को अस्थिर करने वाली गतिविधियों से जुड़े रहे हैं. संगठन ने एलन मस्क की सोशल मीडिया गतिविधियों, इल्हान उमर के बयानों और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर के उनके दौरे का भी उल्लेख किया है.
इसके अलावा, बांग्लादेश में सत्ता परिवर्तन के बाद मोहम्मद यूनुस की भूमिका और भारत के पूर्वोत्तर राज्यों को लेकर दिए गए कथित बयानों पर भी सवाल उठाए गए हैं. संगठन ने जॉर्ज सोरोस पर भी भारत को अस्थिर करने की कोशिशों में शामिल होने का आरोप लगाया है.
अखिलेश यादव और प्रशांत भूषण पर भी निशाना
पोस्टर में अखिलेश यादव और प्रशांत भूषण को लेकर भी आरोप लगाए गए हैं. संगठन का दावा है कि अखिलेश यादव ऐसे लोगों के साथ मंच साझा कर चुके हैं, जबकि प्रशांत भूषण पर भी तख्तापलट संबंधी बयान देने का आरोप लगाया गया है.
लखनऊ के विभिन्न चौराहों पर लगाए गए इन पोस्टरों के बाद चर्चा तेज हो गई है. हालांकि, पोस्टर में शामिल लोगों के खिलाफ लगाए गए आरोप संगठन के दावे हैं और उनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
ये भी पढ़ें- Honey Singh ने महाराष्ट्र साइबर पुलिस से मांगी माफी, कॉन्सर्ट में टिप्पणी पर छिड़ा था विवाद
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









