विदेश

सऊदी अरब के नजरान में सेना का हेलिकॉप्टर क्रैश, दो क्रू मेंबर्स की मौत

Saudi Arabia Helicopter Crash : सऊदी अरब के दक्षिण-पश्चिमी सीमावर्ती क्षेत्र नजरान में एक सैन्य हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस हादसे में हेलिकॉप्टर में सवार दो क्रू मेंबर्स की मौत हो गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना की वजह तकनीकी खराबी बताई जा रही है. यह हेलिकॉप्टर यमन में सैन्य अभियानों का नेतृत्व कर रहे सऊदी गठबंधन का था.

सऊदी नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि दुर्घटनाग्रस्त हेलिकॉप्टर एएच-6 मॉडल का हल्का टोही विमान था. नियमित गश्त और निगरानी के दौरान तकनीकी खराबी आने के बाद हेलिकॉप्टर नजरान क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया. गठबंधन के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल तुर्की अल-मलिकी ने बताया कि हादसा सऊदी नेशनल गार्ड मंत्रालय के अधिकार क्षेत्र वाले इलाके में हुआ, उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की.

इस बीच, यमन में जारी संघर्ष के बीच हूती विद्रोहियों ने 159 लोगों को रिहा कर दिया है. अंतरराष्ट्रीय रेड क्रॉस समिति के मुताबिक, ये लोग संघर्ष से जुड़े मामलों में हिरासत में थे. रिहाई के बाद समिति ने उन्हें अपने घर लौटने की तैयारी में सहायता दी.

आम माफी के तहत 323 कैदियों की रिहाई का दावा

हूतियों के अनुसार, रिहा किए गए लोग यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार का समर्थन करने वाले लड़ाके थे. हूती अधिकारी अब्देलकादर अल-मुर्तदा ने बताया कि इन बंदियों को आम माफी के तहत छोड़ा गया है. संगठन का दावा है कि पिछले महीने लाल सागर के पास अहम ठिकानों पर कब्जे के दौरान इन लोगों ने बिना मुकाबला किए आत्मसमर्पण किया था.


हूती अधिकारियों के मुताबिक, आम माफी के तहत अब तक कुल 323 कैदियों को रिहा किया जा चुका है. हेलिकॉप्टर हादसे और बंदियों की रिहाई की घटनाएं ऐसे समय सामने आई हैं, जब यमन में संघर्ष से जुड़े घटनाक्रम पर क्षेत्रीय स्तर पर नजर रखी जा रही है.

ये भी पढ़ें- Honey Singh ने महाराष्ट्र साइबर पुलिस से मांगी माफी, कॉन्सर्ट में टिप्पणी पर छिड़ा था विवाद

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button