Other States

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के लिए पल्सर बाइक का इस्तेमाल, तीन बार हुई खरीद-बिक्री, मालिक से पूछताछ

Tiger Shroff Firing Case : बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में मुंबई पुलिस को अहम सुराग मिला है. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल पीले रंग की पल्सर बाइक को अंधेरी वेस्ट रेलवे स्टेशन के पास से बरामद किया है. बाइक को रात में डीएन नगर पुलिस स्टेशन लाया गया, जहां उसकी जांच की गई. पुलिस अब वाहन के पुराने मालिकों और उसके जरिए हमलावरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.

शुरुआती पूछताछ में पता चला कि बाइक का पहला मालिक जोगेश्वरी इलाके का रहने वाला था. उसने बाइक दूसरे व्यक्ति को बेची और फिर दूसरे मालिक ने इसे तीसरे व्यक्ति को बेच दिया. जांच के अनुसार, तीसरे मालिक ने पितृ पक्ष से पहले बाइक शूटर्स को बेच दी थी, लेकिन दस्तावेजों में मालिकाना हक ट्रांसफर नहीं कराया गया. पुलिस ने शुरुआती पूछताछ के बाद बाइक मालिक को जाने दिया है.

सात राउंड फायरिंग

आपको बता दें कि यह वारदात रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में पुष्पा पार्क के पास हुई थी. पुलिस के मुताबिक, तीन हमलावरों ने टाइगर श्रॉफ की कार पर सात राउंड फायरिंग की. इनमें पांच गोलियां गाड़ी पर लगीं, जबकि दो निशाने से चूक गईं. इस घटना में टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बच गए, लेकिन उनके ड्राइवर और एक ऑटो चालक घायल हो गए. मामले की जांच के लिए पुलिस ने 15 टीमें गठित की हैं.

सीसीटीवी में दिखे संदिग्ध

कथित हमलावरों की तस्वीरें भी सामने आई हैं. इनमें दो लोग सफेद शर्ट पहने दिखाई दे रहे हैं. एक ने प्यूमा लोगो वाली काली टोपी पहन रखी है. हालांकि, पुलिस ने अभी तक उनकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी सूरत की ओर रवाना हुए हो सकते हैं. जिस पिस्टल से फायरिंग की गई, उसे देश में निर्मित बताया जा रहा है. वारदात के दौरान एक आरोपी की पिस्टल जाम होने की जानकारी भी सामने आई है.

फडणवीस और शिंदे ने ली जानकारी

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती से बात कर घटना की जानकारी ली और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए. वहीं, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने टाइगर श्रॉफ से उनके घर पर मुलाकात की. दूसरी ओर, सोशल मीडिया पर सामने आए एक पोस्ट में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है. पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें- दिल्ली की रामलीला में जलेगा 30 फुट का कॉकरोच वाला पुतला, रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के साथ होगा दहन

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button